रीवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 28 नवंबर को रीवा में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, आपातकाल लगाने और सत्ता को अपनी जागीर समझने का आरोप लगाया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस आज मतदाता सूची की शुद्धता और चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है, जबकि लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस की राजनीति से है।
आपातकाल का जिक्र कर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने देश में आपातकाल लागू कर लोकतंत्र को कमजोर किया था। उस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी सहित हजारों-लाखों देशभक्त नेताओं को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान की भावना के विपरीत काम करते हुए लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया। सीएम के मुताबिक, चुनाव के समय जनता ने अपने वोट की ताकत से लोकतंत्र की रक्षा की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने अपने निजी स्वार्थ के लिए संविधान में कई बार संशोधन किए।
मतदाता सूची और चुनाव आयोग पर कांग्रेस से सवाल
सीएम मोहन यादव ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने के लिए घुसपैठियों और मृत मतदाताओं के नाम हटाना जरूरी है, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है और इसी वजह से चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि एक गरीब परिवार और चाय बेचने वाले का बेटा भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, महिलाओं और जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाने का काम कर रही है।
कांग्रेस शासन और बीजेपी सरकार के विकास कार्यों की तुलना
मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के विकास का जिक्र करते हुए कांग्रेस और बीजेपी सरकार के कार्यकाल की तुलना की। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय करीब 11 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 1 लाख 70 हजार रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह बिजली उत्पादन पहले करीब 5 हजार मेगावाट था, जो अब 30 हजार मेगावाट हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सांदीपनि विद्यालयों का विस्तार किया जा रहा है और सिंचाई परियोजनाओं पर भी काम हो रहा है। स्लीमनाबाद टनल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगले साल तक रीवा और विंध्य क्षेत्र के किसानों को भी मां नर्मदा का जल मिलेगा।
सत्ता को अपनी जागीर समझती है कांग्रेस: सीएम
डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर सत्ता को अपना अधिकार समझने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता न्यायालय पर टिप्पणी करते हैं और चुनाव आयोग का मजाक बनाते हैं। चुनाव में जीत मिलने पर उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था ठीक लगती है, लेकिन हारने पर वे सवाल उठाने लगते हैं। सीएम ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र को अपनी जागीर समझ लिया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं सहित हर वर्ग के साथ अन्याय करती रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की शक्ति सबसे बड़ी है और केवल भीड़ जुटाने से सत्ता हासिल नहीं की जा सकती।
धारा 370 और राम मंदिर को लेकर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार ने धारा 370 लागू कर जम्मू-कश्मीर में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया था। इसके कारण लंबे समय तक घाटी में आतंकवाद और हिंसा का माहौल बना रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाकर ऐतिहासिक फैसला लिया गया। राम मंदिर का जिक्र करते हुए सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मंदिर निर्माण में अड़चनें पैदा कीं और भगवान राम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए।
बाबा साहेब अंबेडकर के अपमान का लगाया आरोप
सीएम डॉ.मोहन यादव ने कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से देश को न्याय, समानता और सामाजिक बंधुत्व का रास्ता दिखाया, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें सम्मान देने के बजाय लगातार अपमानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में सबसे तेज गति से आगे बढ़ रहा है।