इटली: इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलावों की दिशा में कदम बढ़ाते हुए स्कूलों से जुड़े नए सुधार कानून को मंजूरी दिला दी है। इस कानून के तहत स्कूलों में बुर्का और नकाब जैसे चेहरा ढकने वाले परिधानों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही कुछ स्कूलों की कक्षाओं में विदेशी मूल के विद्यार्थियों की संख्या 30 प्रतिशत तक सीमित करने का प्रावधान भी किया गया है। सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में बेहतर समन्वय और विद्यार्थियों के एकीकरण को बढ़ावा देना है।
संसद में मतदान के बाद कानून को मंजूरी
इटली की संसद के निचले सदन ‘चैंबर ऑफ डेप्युटीज’ में इस शिक्षा सुधार प्रस्ताव को 142 वोटों के समर्थन, 112 वोटों के विरोध और 4 सदस्यों के मतदान से दूर रहने के साथ मंजूरी मिली। इससे पहले 20 नवंबर को सीनेट में भी इस प्रस्ताव को पारित किया जा चुका था। यह सुधार 30 सितंबर 2026 के डिक्री-लॉ 170 का हिस्सा है, जिसमें शिक्षा व्यवस्था से संबंधित कई प्रावधान शामिल किए गए हैं।
स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर रोक
नए नियमों के अनुसार, स्कूलों में छात्राओं को बुर्का और नकाब जैसे ऐसे परिधान पहनने की अनुमति नहीं होगी, जिनसे चेहरा पूरी तरह ढका रहता है। यह फैसला इटली की शिक्षा व्यवस्था में पहचान, संवाद और सामाजिक एकीकरण से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार की नई नीति का हिस्सा माना जा रहा है। प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की सरकार पहले भी इस प्रस्ताव को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर चुकी थी।
कक्षाओं में विदेशी विद्यार्थियों की संख्या 30 प्रतिशत तक सीमित
शिक्षा सुधार के तहत स्कूलों की कक्षाओं में विदेशी मूल के विद्यार्थियों की संख्या 30 प्रतिशत तक रखने का प्रावधान किया गया है। हालांकि, यह सीमा उन विद्यार्थियों पर लागू नहीं होगी, जिन्हें पहले से इतालवी भाषा का पर्याप्त ज्ञान है। सरकार का मानना है कि भाषा और शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को स्थानीय शिक्षा प्रणाली के साथ बेहतर तरीके से जोड़ने में मदद मिलेगी।
विदेशी अभिभावकों के लिए भी भाषा सीखने की व्यवस्था
नए कानून में उन विदेशी अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा सीखने के पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रावधान है, जिनके बच्चों को स्कूलों में पढ़ाई और स्थानीय शिक्षा प्रणाली के साथ तालमेल बिठाने में कठिनाई हो रही है। सरकार का जोर केवल विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों को भी भाषा और सामाजिक व्यवस्था से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
विपक्ष ने फैसले पर उठाए सवाल
इस शिक्षा सुधार को लेकर इटली में राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने विदेशी विद्यार्थियों की संख्या सीमित करने के फैसले को भेदभावपूर्ण बताया है। संसद में अंतिम मतदान के दौरान विपक्षी सांसदों ने विरोध दर्ज कराया और स्कूलों में विद्यार्थियों की पहचान को लेकर सरकार की नीति पर सवाल उठाए। इस मुद्दे ने शिक्षा, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समावेशन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।