नई दिल्ली : देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने लगी है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में कोहरे की स्थिति लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। वहीं, दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम के इस बदले रुख को देखते हुए मौसम विभाग ने 28 नवंबर के लिए अलग-अलग राज्यों का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तर भारत में जहां कोहरे और गिरते तापमान का असर दिखाई देगा, वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
दिल्ली-NCR में सुबह कोहरा, दिन में साफ हो सकता है आसमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह कोहरा छाने की संभावना है। कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है, जिससे सड़कों पर दृश्यता प्रभावित हो सकती है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। राजधानी में कोहरे का असर 3 दिसंबर तक बने रहने की संभावना जताई गई है।
UP में घने कोहरे की चेतावनी, बिहार और झारखंड में बढ़ेगी ठंड
उत्तर प्रदेश में 28 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। कम दृश्यता के कारण हाईवे और प्रमुख सड़कों पर वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी। सुबह और रात के तापमान में गिरावट से ठंड का असर भी बढ़ सकता है। बिहार में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। वहीं, झारखंड के कई इलाकों में ठंड और ठिठुरन बढ़ रही है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में तेजी से गिर रहा पारा
राजस्थान में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। राज्य के कुछ इलाकों और शेखावाटी क्षेत्र में शीतलहर चलने की संभावना है। सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मध्य प्रदेश में भी रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है।
पंजाब-हरियाणा और पूर्वोत्तर में कोहरे का असर
पंजाब के कई इलाकों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है। हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी दृश्यता कम रह सकती है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। केरल और माहे में भी बारिश का अनुमान है। वहीं, आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश से कुछ इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड में 28 नवंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य में बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई प्रमुख चेतावनी नहीं बताई गई है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। जम्मू-कश्मीर में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कुल मिलाकर 28 नवंबर को उत्तर भारत में कोहरा और बढ़ती ठंड प्रमुख चुनौती रहेंगे, जबकि दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।