लखनऊ: राजधानी लखनऊ में आज, 28 नवंबर को ट्रैफिक चालानों से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायालय परिसर में होगा। इसमें मोटर वाहन अधिनियम के तहत अदालतों में लंबित शमनीय चालानों और यातायात संबंधी वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
जिला जज ने जागरूकता वैन को दिखाई हरी झंडी
विशेष लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह ने न्यायालय परिसर से पीआरवी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन शहर और जिले के दूर-दराज के इलाकों में जाकर लोगों को लोक अदालत के जरिए ट्रैफिक चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया और सुविधाओं के बारे में जागरूक कर रही है।
किन चालानों का होगा निस्तारण?
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनाली पुनिया के मुताबिक, विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम के तहत न्यायालयों में लंबित शमनीय चालान और यातायात संबंधी वादों का निस्तारण किया जाएगा। जिन वाहन स्वामियों के चालान से जुड़े मामले अदालत में विचाराधीन हैं, वे स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर मामले को सुलह-समझौते से निपटा सकते हैं।
ये दस्तावेज साथ लेकर जाएं
लोक अदालत में पहुंचने वाले वाहन स्वामियों को वाहन की RC, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा के मूल दस्तावेज, चालान की प्रति और वैध पहचान पत्र साथ रखना होगा। ध्यान रहे कि लोक अदालत में चालान का निस्तारण अपने आप या सभी मामलों में पूरी तरह माफ नहीं होता। मामलों का समाधान पात्रता और आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा। इसके अलावा 12 दिसंबर को लखनऊ में राष्ट्रीय लोक अदालत का भी आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों को आपसी सहमति से सुलझाने का अवसर मिलेगा।