कोलकाता डेस्क: क्रिकेट के मैदान पर अपने बल्ले से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर केविन पीटरसन अब फुलेरा की गलियों में नजर आ रहे हैं। मौका है अमेजन प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन के प्रमोशन का। सिर पर गमछा, कुर्ता-पायजामा और देसी अंदाज में केविन पीटरसन को देखकर फैंस भी हैरान रह गए। उनका यह नया अवतार सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।
फुलेरा पहुंचे केविन पीटरसन, प्रधान जी और बनराकस के साथ दिखे
दरअसल, प्राइम वीडियो इंडिया ने ‘पंचायत सीजन 5’ के प्रमोशन के लिए एक खास वीडियो जारी किया है। इसमें केविन पीटरसन फुलेरा गांव के माहौल में पूरी तरह रंगे नजर आ रहे हैं। वह सीरीज के चर्चित किरदार प्रधान जी और बनराकस यानी भूषण के साथ दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में पीटरसन का अंदाज बिल्कुल अलग है। कभी वह गांव की गलियों में घूमते नजर आते हैं, तो कभी स्थानीय किरदारों के साथ बातचीत करते दिखाई देते हैं। एक तस्वीर में वह बनराकस और बिनोद के साथ बाइक पर बैठे भी नजर आए। क्रिकेट के मैदान पर गंभीर और आक्रामक अंदाज में दिखने वाले पीटरसन का यह देसी रूप दर्शकों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है।
गमछा बांधकर बोले पंचायत के मशहूर डायलॉग्स
केविन पीटरसन सिर्फ देसी लुक में ही नहीं दिखे, बल्कि उन्होंने फुलेरा की भाषा और अंदाज को भी अपनाने की कोशिश की। प्रमोशनल वीडियो में वह दातून करते, भुतकुन की चाय का स्वाद लेते और गांव की पहचान बन चुकी पानी की टंकी के आसपास नजर आते हैं।
वीडियो में पीटरसन अपना परिचय देते हुए बताते हैं कि वह इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर हैं और लंदन से सिडनी तक कई जगह घूम चुके हैं, लेकिन फुलेरा जैसी जगह दुनिया में कहीं नहीं है। इसके अलावा वह ‘पंचायत’ के चर्चित डायलॉग्स को अपने अंदाज में बोलते हुए भी दिखाई देते हैं। बनराकस और नए प्रधानपति के साथ उनकी जुगलबंदी इस प्रमोशन को और मजेदार बना रही है।
केविन पीटरसन ने लिखा- 'ओह हेलो बॉलीवुड'
फुलेरा से सामने आई तस्वीरों और वीडियो को लेकर खुद केविन पीटरसन भी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रमोशनल कैंपेन की झलक साझा करते हुए लिखा- 'Oh hello, Bollywood'।
उनकी इस पोस्ट के बाद भारतीय फैंस ने भी मजेदार प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। किसी ने ‘देख रहा है बिनोद’ वाले अंदाज में मीम बनाया, तो किसी ने पीटरसन को फुलेरा का नया सदस्य बता दिया। सोशल मीडिया पर क्रिकेट और ओटीटी की इस अनोखी जुगलबंदी को खूब पसंद किया जा रहा है।
3 दिसंबर को रिलीज होगा ‘पंचायत 5’ का नया सीजन
‘पंचायत’ के पांचवें सीजन को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। यह सीरीज 3 दिसंबर 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। नए सीजन में फुलेरा की सत्ता बदल चुकी है। क्रांति देवी के प्रधान बनने के बाद बनराकस यानी भूषण का दबदबा बढ़ गया है। वहीं, सचिव जी और रिंकी की कहानी भी आगे बढ़ती दिखाई देगी।
सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवर और अशोक पाठक जैसे कलाकार अपने चर्चित किरदारों में नजर आएंगे।
क्रिकेट और ओटीटी का दिलचस्प मेल
केविन पीटरसन की फुलेरा में एंट्री ने ‘पंचायत 5’ के प्रमोशन को एक नया रंग दे दिया है। गांव की सादगी, मजेदार किरदार और पीटरसन का विदेशी अंदाज दर्शकों के लिए एक दिलचस्प कॉम्बिनेशन बन गया है। अब देखना होगा कि 3 दिसंबर को रिलीज होने वाला नया सीजन दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।