प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 जुलाई तक विदेश दौरे से वापसी के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियां परवान चढ़ेंगी। फिलहाल भाजपा ने प्रदेश संगठन के चुनाव की रफ्तार बढ़ाई है। भाजपा ने मंगलवार तक कुल 22 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष तय कर दिए। अब पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए जरूरी निर्वाचक मंडल का कोटा पूरी कर चुकी है।
22 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुने गए
भाजपा के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए भाजपा के 37 संगठनात्मक प्रदेशों में से आधे से अधिक में चुनाव हो जाने चाहिए। इस प्रकार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 19 राज्यों में चुनाव होना चाहिए, जबकि पार्टी 22 राज्यों में चुनाव कर चुकी है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए जरूरी शर्त पूरी हो गई है।
संघ और भाजपा में मंथन का दौर जारी
सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चेहरे के चयन के लिए संघ और भाजपा के बीच मंथन का दौर जारी है। वर्ष 2020 में अध्यक्ष बने जेपी नड्डा का तीन वर्ष का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से उन्हें विस्तार मिला था। पहले उन्हें 2024 के लोकसभा चुनावों के कारण और फिर संगठन चुनाव में देरी के कारण आगे भी विस्तार मिला।
Comments (0)