रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया गया है। मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। हादसे में जान गंवाने वालों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं।
PM मोदी ने जताया हादसे पर दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के रामगढ़ में हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
पीएम मोदी ने कहा कि रामगढ़ जिले में हुई दुखद घटना के बारे में जानकर उन्हें बेहद पीड़ा हुई है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की सहायता
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की गई है।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए।
हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपए।
यह आर्थिक सहायता प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दी जाएगी।
स्कॉर्पियो और अज्ञात वाहन की टक्कर में 13 की मौत
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार देर रात करीब 2 बजे रामगढ़ जिले के पैंकी इलाके में NH-33 पर हुआ। नालंदा जिले के जांघारों गांव के 14 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर रजरप्पा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे।इसी दौरान स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 13 लोगों की जान चली गई।
मृतकों में 4 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रामगढ़ पुलिस ने की 13 मौतों की पुष्टि
रामगढ़ पुलिस ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। रामगढ़ के एसडीपीओ ने बताया कि मृतक बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे।उन्होंने बताया कि घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के जरिए कुछ मृतकों की पहचान की गई है। पुलिस हादसे के संबंध में आगे की जांच कर रही है।