नई दिल्ली: आज 28 नवंबर 2026 को देशभर में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वाराणसी के नमो घाट पर उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक 'काशी तमिल संगमम' शुरू होगा। वहीं, नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक का समापन होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु केरलम के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी की पासिंग आउट परेड में शामिल होंगी। इसके अलावा हरिद्वार में 'नव्या 2.0' कार्यक्रम का दूसरा चरण लॉन्च किया जाएगा।
काशी तमिल संगमम का आज नमो घाट पर भव्य आगाज
उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने वाला 'काशी तमिल संगमम' आज यानी 28 नवंबर से वाराणसी के नमो घाट पर शुरू होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन का औपचारिक उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत करना है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष ट्रेन से वाराणसी पहुंचे तमिल प्रतिनिधियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया है।काशी तमिल संगमम के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की भाषाई, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
राज्यों के विद्युत मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन का आज समापन
नई दिल्ली में आयोजित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विद्युत मंत्रियों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आज दूसरा और अंतिम दिन है। केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के ऊर्जा मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और नियामक हिस्सा ले रहे हैं।वर्ष 2024 के बाद आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, बिजली के बुनियादी ढांचे का विस्तार करने और विद्युत क्षेत्र में सुधारों को गति देने जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है।आज सम्मेलन के अंतिम दिन इन विषयों पर महत्वपूर्ण नीतिगत विचार-विमर्श किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश के बिजली क्षेत्र को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाना है।
हरिद्वार में आज लॉन्च होगा 'नव्या 2.0' का दूसरा चरण
किशोरियों और युवतियों को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आज 28 नवंबर को 'नव्या 2.0' (NAVYA 2.0) कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा।महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल के तहत यह कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत अकादमी सभागार में आयोजित होगा।पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद शुरू किए जा रहे इस दूसरे चरण का मुख्य उद्देश्य युवतियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक का आज समापन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आज 28 नवंबर को नई दिल्ली स्थित पूसा परिसर में समापन होगा।इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं।बैठक के दौरान आगामी चुनावी चुनौतियों, राजनीतिक रणनीतियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की जा रही है। अंतिम दिन देशभर में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क अभियानों की आगामी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।
नौसेना अकादमी की पासिंग आउट परेड में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने छह दिवसीय केरलम, मिजोरम और नागालैंड दौरे के तहत आज 28 नवंबर को केरलम के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी पहुंचेंगी। यहां वे ऑटम टर्म 2026 की पासिंग आउट परेड में शामिल होंगी।इससे पहले 27 नवंबर को दौरे के शुरुआती दिन राष्ट्रपति ने केरलम के कालडी स्थित थलैयट्टुमपिल्ली में आदि शंकराचार्य की जन्मस्थली के दर्शन किए। इसके अलावा उन्होंने त्रिशूर में वैद्यरत्नम आयुर्वेद कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोहों के समापन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।