Jaipur: दौसा की राजनीति में दिलचस्प बयानबाजी का दौर चला रहा है। शुक्रवार को दौसा शहर में पीएम मोदी के रोड शो से पहले मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने कहा- मुरारीलाल मीणा ने मेरी बुआ का टिकट कटवाया है, इसका मुझे दर्द है, अब मैं फूफा को चुनाव हराऊंगा। दरअसल, शुक्रवार शाम पीएम मोदी के रोड शो से पहले शाम 4.30 बजे मंत्री किरोड़ीलाल मीणा गांधी तिराहा के पास मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में दौसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीणा पर कटाक्ष किए।
'मेरी बुआ का टिकट कटने का मुझे दर्द है'
किरोड़ीलाल मीणा ने कहा- पिछले टाइम फूफा ने बुआ को चुनाव लड़वाया था। अब की बार बुआ का टिकट फूफा ने क्यों कटवाया। मेरी बुआ का टिकट कटने का मुझे दर्द है। इसलिए फूफा और मामा को हराउंगा। दरअसल दौसा लोकसभा क्षेत्र से मौजूदा कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीणा की पत्नी सविता मीणा ने 2019 में दौसा से चुनाव लड़ा था। वे भाजपा प्रत्याशी जसकौर मीणा के सामने हार गईं थीं। इस बार कांग्रेस ने मुरारीलाल को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में किरोड़ी लाल ने मुरारीलाल पर अपनी पत्नी का टिकट कटवाने का तंज कसा।
सविता मीणा किरोड़िलाल की बुआ
बता दें कि 5 दिन पहले महवा (दौसा) में हुई एक कार्यकर्ता मीटिंग में कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीणा ने कहा था कि मेरी पत्नी सविता किरोड़ीलाल मीणा की रिश्ते में बुआ लगती है। इस तरह मैं उनका फूफा लगता हूं। किरोड़ीलाल ने इसी का जवाब शुक्रवार को उसी व्यंग्य के लहजे में दिया। दौसा क्षेत्र से आने वाले कद्दावर नेता किरोड़ीलाल मीणा का गोत्र चारवाल है। यही गोत्र मुरारीलाल मीणा की पत्नी सविता मीणा का भी है। ऐसे में किरोड़ीवाल मीणा स्वीकार करते हैं है कि सविता मीणा रिश्ते में उनकी बुआ लगती है।
परसादी लाल-मुरारीलाल को बताया था मामा
किरोड़ी लाल मीणा ने फूफा (मुरारीलाल) के साथ साथ मामा को चुनाव हराने का भी जिक्र किया। यहां वे पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा का जिक्र कर रहे थे। हाल ही लालसोट (दौसा) में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मंच से किरोड़ीलाल ने परसादी लाल मीणा और मुरारीलाल की तुलना मामा कंस और शकुनी से की थी।
'मैं भाजपा का सच्चा सपूत हूं'
परसादी लाल मीणा का गोत्र और किरोड़ीलाल मीणा के मामा का गोत्र समान होने के कारण किरोड़ी लाल उन्हें मामा कहते हैं। मंच से उन्होंने कहा था कि एक गलतफहमी यहां के लोगों में है। जिस व्यक्ति (परसादी लाल मीणा) को मैंने 48 हजार वोटों से हराया वो रिश्ते में मेरा मामा लगता है। दौसा से कांग्रेस का लोकसभा उम्मीदवार (मुरारीलाल मीणा) भी रिश्ते में मेरा मामा लगता है। अब मामा अपने भांजे से कंस और शकुनी जैसा व्यवहार करने लगे हैं। मैं सावधान करने आया हूं, गलतफहमी में न रहें। किरोड़ी लाल किसी मामा पर मेहरबानी नहीं करेगा। मैं भाजपा का सच्चा सपूत हूं।
किरोड़ी बोले- एक व्यक्ति का चुनाव नहीं, नीति निर्धारण का चुनाव
उन्होंने कहा- कांग्रेस सरकार के दौरान हमने नहर परियोजना में क्षेत्र के बांधों को जोड़ने की मांग को लेकर आंदोलन किया, लेकिन हमारी सुनवाई नहीं की। ईआरसीपी के मुद्दे पर कांग्रेस ने जनता को भ्रमित किया। भाजपा की सरकार बनते ही जनता की परेशानी को प्राथमिकता पर रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 45 हजार करोड़ दिए हैं। इससे लोगों की प्यास बुझेगी और सिंचाई के लिए भी पानी मिलेगा। बीजेपी को जिताना होगा। क्योंकि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जैसा बड़ा काम मोदी सरकार ने हमारे इलाके में किया है। नहर परियोजना पर जल्द काम पूरा होगा। यह चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश की नीति निर्धारण के लिए है।