भोपाल | मध्य प्रदेश में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज 21 अक्टूबर को शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में सुबह 8:30 बजे राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा सहित वरिष्ठ और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी तथा पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी भी शहीदों को नमन करेंगे।
मध्य प्रदेश पुलिस के 9 शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
इस वर्ष कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राणों का बलिदान देने वाले मध्य प्रदेश पुलिस के 9 अधिकारी-कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। शहीदों में शामिल हैं:
- स्वर्गीय आशीष शर्मा, निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल)
- स्वर्गीय अशोक शर्मा, उप निरीक्षक
- स्वर्गीय मदनलाल निनामा, सहायक उप निरीक्षक
- स्वर्गीय परिमाल सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक क्रमांक 291
- स्वर्गीय ओम प्रकाश भवेदी, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक क्रमांक 40
- स्वर्गीय सर्जन सिंह भील, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक क्रमांक 580
- स्वर्गीय आरती पाल, महिला आरक्षक क्रमांक 1480
- स्वर्गीय महेश प्रसाद पाठक, आरक्षक क्रमांक 98
- स्वर्गीय विकास चतुर्वेदी, आरक्षक क्रमांक 987
- इन वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?
पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को उन पुलिसकर्मियों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 जवान शहीद हो गए थे। इन जवानों की शहादत की स्मृति में हर साल पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
पुलिस बल की टुकड़ियां देंगी सलामी
भोपाल के लाल परेड मैदान में होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला पुलिस बल और विशेष सशस्त्र बल की महिला एवं पुरुष प्लाटून शामिल होंगी। इनके अलावा होमगार्ड प्लाटून, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, पुलिस बैंड, अश्वारोही दल और श्वान दल की टुकड़ियां भी भाग लेंगी। पुलिस बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों के बीच शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। यह दिन देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।