भोपाल | विसर्जन और चल समारोह के मद्देनजर भोपाल में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शहर में सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। कई प्रमुख मार्गों पर भी डायवर्जन लागू किया जाएगा।
सुबह 8 बजे से भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित
यातायात पुलिस की योजना के मुताबिक, सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को बायपास मार्ग से निकाला जाएगा।
शाम 5 बजे से इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध
शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज मार्ग पर सिटी बस, ऑटो और चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इसके अलावा जुलूस के दौरान रॉयल मार्केट से पीरगेट, पॉलिटेक्निक से कमला पार्क और करबला से रेतघाट मार्ग भी बंद रहेंगे।
बैरागढ़ विसर्जन के लिए भी डायवर्जन
बैरागढ़ विसर्जन के मद्देनजर लालघाटी, एयरपोर्ट और इंदौर रोड पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में बायपास का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
हलालपुर बस स्टैंड पर समाप्त होंगी यात्री बसें
इंदौर, सीहोर, ग्वालियर और गुना की ओर से आने वाली यात्री बसों का संचालन हलालपुर बस स्टैंड तक सीमित रहेगा। इन बसों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मार्गों की स्थिति की जानकारी लें और निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।