Barmer: बाडमेर-जैसलमेर लोकसभा क्षेत्र से (Rajasthan News) निर्दलीय प्रत्याशी रविन्द्र सिंह भाटी दोपहर 1.30 के करीब बालोतरा पहुंचे और एसपी कार्यालय के बाहर समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। आज सुबह उन्होंने एक ट्वीट (एक्स) किया था। इसमें 11.30 बजे एसपी ऑफिस (बालोतरा) का घेराव करने की चेतावनी दी थी। ट्वीट में भाटी ने कहा कि उनके समर्थकों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ वे बालोतरा एसपी ऑफिस का घेराव करेंगे। दरअसल शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के दूसरे फेज के मतदान के दिन रविन्द्र सिंह भाटी के समर्थकों के साथ बायतु और अन्य मतदान केन्द्रों पर मारपीट की गई थी।
एसपी कार्यालय घेराव करने की दी थी चेतावनी
इन घटनाओं के बाद रविंद्र सिंह भाटी ने बालोतरा एसपी कार्यालय का घेराव करने चेतावनी दी थी। भाटी के चेतवानी के बाद बड़ी संख्या में शनिवार सुबह से ही रविन्द्र सिंह भाटी के समर्थक एसपी कार्यालय जुटना शुरू हो गए। दोपहर 1.20 बजे भाटी एसपी कार्यालय पहुंचे तो समर्थकों का हुजुम उमड़ पड़ा। वे एसपी ऑफिस के पास आए। समर्थकों से शांत रहने की अपील की और वहीं एसपी ऑफिस के बाहर धरना देकर बैठ गए।
पुलिस बल तैनात
रविंद्र सिंह भाटी के एसपी कार्यालय (Rajasthan News) के घेराव के बाद सैकड़ों की संख्या मे रविन्द्र सिंह भाटी के समर्थन पहुंच गए। वहीं बालोतरा एसपी कार्यालय के आगे सैकड़ों की संख्या में आरएसी व पुलिस बल भी तैनात हो गया है।
मतदान के दौरान झड़प, आरोप-प्रत्यारोप
शुक्रवार दोपहर 3 बजे बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी और उम्मेदाराम बेनीवाल के समर्थक आपस में भिड़ गए थे। इस दौरान आधे घंटे वोटिंग रुक गई थी। भाटी ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा- बायतु विधानसभा क्षेत्र में मेरे पोलिंग एजेंट को बूथ से बाहर निकाल दिया गया। ईवीएम पर मेरे नाम पर पट्टी लगा दी गई। ताकि मुझे वोट न पड़े। मुझे वोट देने आए प्रवासियों की गाड़ियां रोकी जा रही हैं। शिव तहसील के कुछ प्रवासी और स्थानीय वोटर्स ने एक्स पर वीडियो शेयर किया था। वीडियो में बताया गया कि शिव तहसील के गडरा रोड और हरसानी के वोटर्स की कारें रोकी जा रही हैं। वे पैदल ही वोट देने जा रहे हैं।