Jaipur: राजस्थान में कल (बुधवार) से मौसम में बदलाव हुआ है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तेज गर्मी रही। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के जिलों में बादल छाए और हल्की बारिश हुई। बाड़मेर और जैसलमेर में कल सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां पारा सीजन में पहली बार 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ।
इन शहरों का गिरा तापमान
अलवर, जयपुर, चूरू समेत कुछ जगहों पर हल्की बारिश के बाद तापमान गिरा। यहां लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम केन्द्र जयपुर ने 13 अप्रैल को एक स्ट्रॉन्ग सिस्टम के आने से पश्चिमी राजस्थान में अंधड़ चलने की आशंका जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने 13 और 14 अप्रैल को 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट (तेज बारिश) जारी करते हुए प्रशासन को सतर्क किया है।
इस रफ्तार से हवा चलने की संभावना
13 और 14 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, गंगानगर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, नागौर, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर, भरतपुर में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से अंधड़ चलने की आशंका है। इसके साथ ही इन जिलों में मेघगर्जना के साथ बारिश होने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए प्रशासन को अलर्ट किया गया है।
आज यहां बारिश का अलर्ट
अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, हनुमानगढ़, नागौर, पाली और श्रीगंगानगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बारिश के साथ 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है।
12 अप्रैल को भी बारिश का अलर्ट
अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, टोंक, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, श्रीगंगानगर के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बारिश के साथ 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है।
अलवर में 4MM बरसात
बुधवार को जयपुर, सीकर, चूरू, अलवर, दौसा समेत कई शहरों में बादल छाने के बाद आंधी चली। अलवर जिले के राजगढ़ एरिया में 4MM बारिश हुई। जयपुर-चूरू के कुछ एरिया में बूंदाबांदी हुई।
बाड़मेर-जैसलमेर में पारा 42 पार
पश्चिमी राजस्थान में कल जबरदस्त गर्मी रही। यहां सीजन में पहली बार तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर आया। सबसे ज्यादा गर्म दिन कल बाड़मेर में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ये इस जिले का सीजन का सर्वाधिक तापमान दर्ज हुआ। जैसलमेर में भी कल दिन का तापमान 42.2, जालोर में 41.7, सीकर के फतेहपुर में 40.3, चूरू-बीकानेर में 40.4, गंगानगर में 39.8 और भरतपुर-अलवर में 39-39 डिग्री दर्ज हुआ।