बाड़मेर: राजस्थान में लोकसभा चुनाव को लेकर (Rajasthan News) सियासी पारा हाई है। इसी के चलते पार्टियों में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। दरअसल, कांग्रेस ने बाड़मेर के शिव से पूर्व विधायक अमीन खान और कांग्रेस के पूर्व पीसीसी सचिव बालेंदु शेखावत को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। आपको बता दें कि शिव (बाड़मेर) के 5 बार के विधायक अमीन खान पर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेदाराम बेनीवाल का विरोध करने और निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी के पक्ष में बयान देने का आरोप है। वहीं बालेन्दु शेखावत पर आरोप है कि वे जालोर- सिरोही में पार्टी के खिलाफ काम कर रहे थे। शुक्रवार को वोटिंग खत्म होते ही कांग्रेस ने दोनों नेताओं को पार्टी से निकाल दिया। दरअसल, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने शिव से अमीन खान को 10वीं बार टिकट दी थी। उस समय कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेह खान बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़े थे। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले फतेह खान का निष्कासन रद्द कर उन्हें वापस पार्टी में शामिल कर लिया गया था।
कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं पर की गई बयानबाजी
इसके बाद से अमीन खान लगातार नाराज चल रहे थे और कांग्रेस पर हमलावार थे। इसी वजह से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर बयानबाजी की गई। लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों सामने आईं। इसे लेकर पार्टी नेताओं ने आलाकमान को शिकायत भेजी थी। राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने एक आदेश जारी कर लिखा है कि बाड़मेर-जैसलमेर प्रत्याशी उम्मेदाराम की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। लोकसभा चुनाव में अमीन खान अनुशासनहीता और पार्टी विरोधी एक्टिविटी में शामिल रहे। इससे पहले 2011 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल पर विवादित बयान देने पर मंत्री से इस्तीफा देना पड़ा था।
अमीन खान ने कांग्रेस पर मुसलमानों को तवज्जो न देने के लगाए थे आरोप
अमीन खान को शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र (Rajasthan News) भाटी ने हराया था। इस हार के बाद अमीन खान सक्रिय राजनीति से दूर हो गए। लोकसभा चुनाव में वे अपने क्षेत्र में सक्रिय नहीं रहे। पार्टी ने उन्हें जो काम दिया उससे दूरी बनाते नजर आए। चुनाव प्रचार के दौरान वे हज पर चले गए। उन्होंने कांग्रेस पर मुसलमानों को तवज्जो न देने के आरोप लगाए थे। मंच से उन्होंने ऐसे इशारे भी किए कि वे भाटी के समर्थन में हों। इसीलिए कार्रवाई की गई।
पूर्व स्पीकर दीपेंद्र सिंह शेखावत के बेटे हैं बालेंदु
पार्टी ने राजस्थान पूर्व विधानसभाध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत के बेटे पूर्व पीसीसी सचिव बालेन्दु सिंह शेखावत को भी 6 साल के लिए पार्टी से निकाला है। दरअसल, पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे व जालोर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत ने बालेन्दु के खिलाफ जालोर लोकसभा में पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल होने की शिकायत पार्टी संगठन से की थी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा ने एक्शन लेते हुए बालेन्दु सिंह शेखावत को पार्टी से निकालने का आदेश जारी किया। बालेंदु जालोर से कांग्रेस की ओर से टिकट मांग रहे थे। उन्हें टिकट नहीं मिला था।