Jaipur: राजस्थान में आज अंधड़ के साथ बारिश और ओले (Rajasthan Weather Update) गिरने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर ने राजस्थान के 30 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दोपहर बाद 30 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं, आज सुबह से गंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर में बादल छाए हैं। बीकानेर, जैसलमेर के एरिया में सुबह 25 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चली। इधर जयपुर, सीकर, अजमेर, पाली के एरिया में भी आज हल्के बादल छाए हैं।
जयपुर मे आज दोपहर के बाद बदलेगा मौसम
जयपुर में शहर और ग्रामीण एरिया में (Rajasthan Weather Update) आज दोपहर बाद आंधी चलने और बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इससे पहले कल भी जयपुर शहर में देर शाम बादल छाए और ठंडी हवा चली। इससे आज जयपुर का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो कल के मुकाबले कम रहा। आज जयपुर में दिन के तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है।
आज इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम केन्द्र जयपुर ने आज अलवर, भरतपुर, झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, हनुमानगढ़, गंगानगर, चूरू, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही 50 से 60KM तक की स्पीड से तेज आंधी की भी आशंका है। वहीं, पाली, जालोर, बाड़मेर, उदयपुर, टोंक, सिरोही, सवाई माधोपुर, राजसमंद, कोटा, करौली, झालावाड़, जयपुर, धौलपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, बारां और अजमेर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी 40KM की स्पीड से आंधी आ सकती है।
एक दिन पहले भी हुई बारिश
इससे पहले शुक्रवार शाम को चूरू, जैसलमेर, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ में बारिश हुई। चूरू में 4 एमएम, जैसलमेर में 3, बारां के छीपाबड़ौद में 4, बाड़मेर के शिव में 2, चित्तौड़गढ़ के ढूंगला में 6 और झालावाड़ के पचपहाड़ में 3 एमएम बरसात दर्ज हुई। बारिश, आंधी और बादल छाने से एक तरफ गर्मी कंट्रोल हो गई। दूसरी तरफ किसानों की परेशानी बढ़ गई। खेतों और मंडियों में रखी फसल बारिश में गीली हाेने से खराब होने का खतरा बढ़ गया है।