Jaipur: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव (Rajasthan Weather Update) से आंधी बारिश का दौर शुरू हो गया है। देर रात बांसवाड़ा, झालावाड़, उदयपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़ में कई स्थानों पर तेज आंधी चली। बारिश के साथ ओले गिरे। सबसे ज्यादा 36 एमएम बरसात बांसवाड़ा शहर में हुई। मौसम विभाग ने आज भी पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, करौली, धौलपुर के एरिया में दोपहर बाद आंधी चलने और बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 13-14 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान में तेज अंधड़ आने की आशंका को देखते हुए गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर जिला प्रशासन ने सभी मंडियों के सचिव और किसानों को फसलों के रखरखाव का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बारिश के साथ चली आंधी
राज्य में कल देर शाम भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, चूरू, कोटा, सीकर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा के एरिया में आंधी चली। साथ में बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव से कुछ शहरों में रात का तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सीकर में पिछले 24 घंटे के दौरान 7 एमएम बारिश हुई, जिससे यहां रात का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 18 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। उदयपुर में भी न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री गिरकर आज 19.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। सीकर में शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा। धूप में भी नरमी के कारण गर्मी कम हुई है।
पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में आज फिर आंधी-बारिश
राजस्थान के पूर्वी हिस्से भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर के एरिया में आज दोपहर बाद फिर से मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम केन्द्र जयपुर ने इन जिलों में आंधी चलने, बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश-ओलावृष्टि होने की संभावना जताई है। इधर पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, फलोदी, गंगानगर के एरिया में भी दोपहर बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना है।
कल 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा (Rajasthan Weather Update) ने बताया- 13 अप्रैल को एक स्ट्रॉन्ग सिस्टम पश्चिमी राजस्थान में एक्टिव होगा। इस सिस्टम के प्रभाव से जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जालोर, नागौर, जोधपुर और बाड़मेर के अलावा पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर जिले में तेज अधंड़ चल सकता है।
किसानों को सतर्क रहने की दी चेतावनी
इसे देखते हुए हमने प्रशासन और किसानों को सतर्क रहने के लिए कहा है। मौसम विभाग के इस अलर्ट के बाद गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर के जिला प्रशासन ने किसानों और मंडी समितियों को अनाज की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। 14 अप्रैल को डूंगरपुर, बांसवाड़ा के एरिया को छोड़कर शेष सभी जिलों में आंधी, बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस सिस्टम का प्रभाव 15 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर, करौली, बारां के एरिया को छोड़कर शेष इलाकों से खत्म होगा।