Jaipur: मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने सोमवार रात को कोटा-बूंदी सीट से भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला के समर्थन में प्रचार किया। लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति की है। जब चुनाव आते है तो कुछ राजनीतिक दल आपके बीच में आकर जाति और धर्म की बात करते हैं। इस देश को बांटने की बात करते हैं। मैं आपको ध्यान दिलाना चाहता हूं। हमारा देश पहले कबीलों व जातियों में बंटा हुआ था। विदेशी आक्रांताओं ने हजारों सालों राज किया। हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया और संघर्ष के बाद उनको आजादी मिली।
कांग्रेस पर लगाया ये आरोप
सीएम ने कहा- आज भी ऐसी शक्तियां हैं जो भारत को तोड़ना चाहती है, कमजोर करना चाहती है। वो लोग जब चुनाव आता है तो जातिवाद का नारा देती है, धर्म की बात करती है। वो आपस में एक-दूसरे को बांटना चाहती है। 70 साल के अंदर इस देश में जो कुछ हुआ, वो आपने देखा है। तुष्टिकरण के आधार पर उन्होंने राजनीति की। उन्होंने भ्रष्टाचार, लूट और झूठ की राजनीति की है और आज भी वह सपने दिखाने का काम कर रहे हैं।
कांग्रेस ने वादे पूरे नहीं किए
आप इनके पिछले विधानसभा और लोकसभा के घोषणा पत्र देख लीजिए, एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। युवाओं को 3500 का बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला, किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ, बिजली के दाम छह बार बढ़ाए गए। वहीं दूसरी ओर भाजपा जो बोलती है, वह करके दिखाती है। आज देश में करोड़ों शौचालय बने, करोड़ों बहनों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन मिले, जनधन खाते खुले। भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना और जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
मोदी विश्व के लोकप्रिय नेता
भारत के प्रति विश्व का नजरिया बदला है। भारत अब पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। पीएम मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता है। मोदी ने देश की सीमाओं को सुरक्षित किया है। पहले आतंकवादी आते थे, देश में कहीं ना कहीं बम फोड़ करके चले जाते थे। मोदी राज में एक बार गलती की थी। गलती कैसा जवाब दिया,अंदर घुस के मारा। यह मोदी का भारत है। पहले सेना कहा करती थी हमारे हाथ बने हुए हैं, अब कहती है हमारे हाथ खुले हुए हैं। अगर उधर से गोली आए तो इधर से गोल दाग देना, सोचने की जरूरत नहीं है।
पहले मतदान फिर जलपान
सीएम ने कहा कि महिलाओं से अपील कि 26 अप्रैल को सुबह जल्दी मतदान करने बूथ पर पहुंचे। परिवार के सदस्यों को सुबह चाय पिलाने के बाद मतदान केंद्र भेजे। वोट डालकर आने के बाद ही नाश्ता दें। उन्हें कहे, पहले मतदान फिर जलपान। उन्होंने प्रदेश की सभी 25 सीट जीतने का दावा किया।
लाडपुरा की सभी कॉलोनियों में मिलेंगी सुविधाएं
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि लाडपुरा की 21 कॉलोनियों में विकास कार्य नहीं होने की जानकारी है। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि यहां काम हो, इसलिए वहां स्टे लगवा दिया। हम इन 21 कॉलोनियों सहित लाडपुरा क्षेत्र की सभी कॉलोनियों में सड़क, पानी सहित सभी सुविधाएं मुहैया करवाएंगे।
सनातन को समाप्त करने की बात करती है कांग्रेस
भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला ने कहा कि कांग्रेस सनातन को समाप्त करने की बात करती है। कांग्रेस उनके साथ खड़ी होती है जो सनातन धर्म को अपमानित करते हैं। कांग्रेस के लोग तो घंटाघर में वर्ग विशेष से 100 प्रतिशत मतदान की गुजारिश करते हैं, हम तो पूरे कोटा-बूंदी की जनता से 100 प्रतिशत वोटिंग का आग्रह करते हैं। कांग्रेस के राज में भाजपा के विधायकों के क्षेत्रों के साथ भेदभाव किया गया, लेकिन तब भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता की सेवा की। अब भाजपा की सरकार है सभी क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा जो 10 साल के कामो की बात करते है। वो एक बार भी लोगों के सुख-दुख के भागीदार में खड़े रहो तो बता दें? राजनीति के अंदर सवाल उठाने से पहले खुद से सवाल पूछे कि आपको भी मौका दिया था ,बहुत समय दिया था।आप जनता के विश्वास पर खरे क्यों नहीं उतरे?
क्या बोली डिप्टी सीएम?
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सीमाओं को सुरक्षित करते हुए युवाओं का भविष्य संवारने और महिलाओं की सुरक्षा पर काम किया है। कोटा की जनता भाग्यशाली है कि उन्हें ओम बिरला जैसा जनप्रतिनिधि मिला है जिसकी कार्यशैली सेवा की रही है। अब हमें 26 अप्रैल को अधिक से अधिक लोगों को मतदान केंद्रों पर लाकर भाजपा के पक्ष में वोट करवाना है।