Jaipur: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने मंगलवार को सिविल सर्विसेज एग्जाम- 2023 का रिजल्ट जारी कर दिया। इसमें देशभर में 1016 कैंडिडेट इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS), इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) और इंडियन फॉरेन सर्विस (IFS) के लिए चुने गए हैं। इनमें से 180 IAS और 200 IPS अफसर बनेंगे।
बाड़मेर से 3 अभ्यर्थियों का चयन हुआ
जैसे ही रिजल्ट जारी हुआ, राजस्थान के बाड़मेर, जोधपुर, नागौर और सीकर जिलों में खुशी की लहर दौड़ गई। बाड़मेर जिले के 3 अभ्यर्थियों को चयन हुआ है। बाड़मेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाराम मेघवाल के बेटे का सिलेक्शन हुआ है। वहीं नागौर में विधायक हरेंद्र मिर्धा की सिक्योरिटी में लगे कॉन्स्टेबल के बेटे ने भी सफलता हासिल की है।
मोहनलाल जाखड़ बोले- ICR हैदराबाद में जॉब कर रहा हूं
सफल होने वाले अभ्यर्थियों में मोहनलाल जाखड़ बाड़मेर के भाखड़ा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 53वीं रैंक प्राप्त की है। मोहनलाल जाखड़ भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) हैदराबाद में जॉब कर रहे हैं। मोहनलाल जाखड़ ने फोन पर बताया- मेरी प्रारंभिक शिक्षा बाड़मेर में हुई है। ग्रेजुएशन 2020 में IIT खड़गपुर से की। एक महीने पहले ही जॉब जॉइन की है।
अक्षय डोसी के पिता बोले- 5वीं कोशिश में बेटे ने किया क्रैक
75वीं रैंक हासिल करने वाले अक्षय डोसी चौहटन (बाड़मेर) के रहने वाले हैं। उनके पिता महेश डोसी ने बताया- बेटे ने 5वें प्रयास में यूपीएससी क्रैक की। अक्षय ने 2016 में खड़गपुर से आईआईटी की हुई है। दो महीने पहले ही बेटे ने आईएफएस का इंटरव्यू दिया था, लेकिन उसका सिलेक्शन नहीं हुआ। उसकी आरएएस में 165वीं रैक आई थी। अक्षय समेत दो बेटे व एक बेटी है। छोटा बेटा शुभम जयपुर में आरएएस की तैयारी कर रहा है। अक्षय ने 10वीं तक की पढ़ाई बाल विद्या मंदिर में की थी। फिलहाल अक्षय दिल्ली में हैं। बाड़मेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाराम मेघवाल के बेटे पूरण मेघवाल ने 885वीं रैंक हासिल की।
पूरण बोले- 5 साल से तैयारी कर रहा था
ऑल इंडिया में 885वीं रैंक हासिल करने वाले पूरण मेघवाल बाड़मेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाल मेघवाल के बेटे हैं। पूरण ने दैनिक भास्कर को फोन पर बताया- मैं यूपीएससी की तैयारी 5 साल से कर रहा था। चार में प्री एग्जाम भी पास किया। दूसरी बार इंटरव्यू में मेरा सिलेक्शन हुआ। मेरी प्राइमरी शिक्षा पचपदरा (बाड़मेर) में हुई है। मैंने बी.टेक जोधपुर के जीत कॉलेज से की है। बीते 5 साल से दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। समाज सेवा का भाव लेकर मैंने यूपीएससी को चुना। मेरा परिवार राजनीति में रहकर समाज की सेवा कर रहा है। फिलहाल पूरण दिल्ली में हैं।