Jaipur: लोकसभा चुनाव में देश भर में चर्चा का विषय बनी बाड़मेर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है। बीजेपी-कांग्रेस इस सीट को जीतने के लिए पूरा दमखम लगा रही है। लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी दोनों दलों को रोकने के लिए युवाओं की टीम के साथ फील्ड में है। पीएम नरेंद्र मोदी भाजपा प्रत्याशी कैलाश चौधरी के समर्थन में कल यानि शुक्रवार को आदर्श स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करने आ रहे है। पीएम 15 सालों में छठी बार बाड़मेर आ रहे है। जनसभा को लेकर बीजेपी नेता लोगों से जनसंपर्क कर आने का न्योता दे रहे है। वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है।
15 साल में पीएम मोदी का बाड़मेर का छठा दौरा
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 साल में छठी बार बाड़मेर आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव के लिए अब यह तीसरी सभा है। इससे पूर्व 2014 में पचपदरा, 2019 में बाड़मेर और इस बार भी आदर्श स्टेडियम बाड़मेर में जन सभा होगी। प्रधानमंत्री की आदर्श स्टेडियम बाड़मेर में हो रही जनसभा को लेकर एसपीजी ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। स्टेडियम में डोम तैयार किया जा रहा है। बाड़मेर कलेक्टर-एसपी के साथ भी कई एजेसियां भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है। बाड़मेर, जैसलमेर व बालोतरा जिले की 8 विधानसभाओं के समर्थकों की भीड़ रैली में आमंत्रित की गई है।
2008 में की थी पहली जनसभा
सबसे पहले 2008 के विधानसभा चुनाव में गुजरात के सीएम रहते हुए नरेंद्र मोदी ने शिव में तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी जालमसिंह के समर्थन में जनसभा की थी। इसके बाद 13 अप्रैल 2014 में लोकसभा प्रत्याशी कर्नल सोनाराम के समर्थन में बालोतरा के पास जसोल फांटा पर सभा हुई। 16 जनवरी 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पचपदरा में रिफाइनरी का शुभारंभ कर जनसभा को संबोधित किया। 21 अप्रैल 2019 को लोकसभा चुनाव में कैलाश चौधरी के समर्थन में बाड़मेर के आदर्श स्टेडियम में जनसभा हुई। 15 नवंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार के लिए जनसभा की थी।इसके बाद अब फिर लोकसभा प्रत्याशी कैलाश चौधरी के समर्थन में आदर्श स्टेडियम बाड़मेर में जनसभा हो रही है।