Jaipur: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ( CM Bhajanlal) ने कहा कि पहले गैंगस्टर आते थे, हमारे व्यापारियों को धमका कर चले जाते थे। तब राजस्थान के अंदर कांग्रेस की सरकार थी। उनकी कांग्रेस सरकार से साठ-गांठ थी। सीएम पद की शपथ लेने के दूसरे दिन हमने ऐसे बदमाशों के लिए एंटी गैंगस्टर फोर्स बना दी। सीएम रविवार को कुम्हेर में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में सभा को संबोधित कर रहे थे।
गठबंधन को कहा ठगबंधन
उन्होंने कहा कि पूरे देश के अंदर एक गठबंधन हुआ है। उसे गठबंधन कहें या ठगबंधन। गठबंधन कहता है कि भ्रष्टाचारियों को बचाना चाहिए, लेकिन हम भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करेंगे। बीजेपी ने पेपरलीक को लेकर SIT गठित की। नकल करने वाले 85 लोग गिरफ्तार हो गए। अभी असली आरोपी गिरफ्तार होना बाकी है।
जाट आरक्षण के लिए बनाई तीन सदस्यीय कमेटी
सीएम ने कहा कि जाट आरक्षण भरतपुर-धौलपुर का मामला है और मैं इसे पहचानता हूं। जाट आरक्षण के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है, जिसमें शैलेष सिंह भी एक सदस्य है। कमेटी ने दिल्ली स्थित ओबीसी कमीशन में पॉजिटिव रिपोर्ट दी है। केंद्र में भाजपा सरकार आने वाली है और राज्य में भी भाजपा सरकार है, ऐसे में हमने अपना काम कर दिया। हम आरक्षण को पूरा करवाएंगे, जो हमको फायदा मिलेगा, वो मिलकर रहेगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम ने कहा कि 2014 के बाद पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। 2014 से पहले आतंकवादी आते थे और बम फोड़कर चले जाते थे। 2014 के बाद किसी आतंकवादी ने आंख उठाकर नहीं देखा। एक बार देखा, तब अंदर घुसकर मारने का काम किया था। उन्होंने कहा- 70 साल कांग्रेस पार्टी ने राज किया, लेकिन 70 साल के बाद भी सड़क, स्कूल, हॉस्पिटल और बिजली की मांग की जाती है।
ERCP को लेकर कही ये बात
ERCP को कांग्रेस ने लटकाने ( CM Bhajanlal) का काम किया था उन्होंने कहा- मोदी ने हर घर में बिजली पहुंचाने का काम किया है। नल से जल देने का काम किया जा रहा है। ERCP को कांग्रेस ने लटकाने का काम किया था। हमें 90 दिन काम करने का मौका मिला। जिसके बाद आचार संहिता लग गई। कांग्रेस ने हर बजट में ERCP का जिक्र किया, लेकिन उस जिक्र की फिक्र कभी नहीं की, अगर फिक्र की तो बीजेपी ने की, ERCP लाने का काम पीएम मोदी ने किया है। सीकरी बांध बनेगा और छोटे बाधों में ERCP का पानी जाएगा।
मोदी ने देश को कोरोना से बचाया
सीएम ने कहा कि मोदी जी ने कहा था न खाऊंगा और न खाने दूंगा। अगर किसी ने खाया है तो, उसे भी निकलवा लूंगा। अब भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है तो, पूरे देश के अंदर एक गठबंधन हुआ है। कोरोना महामारी में दुनिया कहती थी कि भारत बड़ी आबादी वाला देश है, वह इस महामारी से कैसे बचेगा। पीएम ने कोरोना में देश को बचाया और विश्व के करीब 100 देशों को फ्री में वैक्सीन देने का काम किया। देश की सुरक्षा के आर्म्स विदेश से खरीदे जाते थे, आज हम आत्मनिर्भर हुए हैं।