Jaipur: जयपुर में भी अब लोग क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) के मोम के पुतले के साथ फोटो खिंचवा सकेंगे। जो नाहरगढ़ स्थित जयपुर वैक्स म्यूजियम में नजर आएगा। 18 अप्रैल को वर्ल्ड हेरिटेज डे के अवसर पर यह स्टैच्यू स्थापित होने जा रहा है। म्यूजियम प्रशासन ने शुक्रवार को इस मोम से बने पुतले का फर्स्ट लुक जारी किया।
पर्यटकों को डिमांड पर बनाया जाएगा स्टैच्यू
जयपुर वैक्स म्यूजियम के फाउंडर डायरेक्टर अनूप श्रीवास्तव ने बताया- पिछले एक साल से पर्यटकों की ओर से विराट कोहली के स्टैच्यू को बनाने की डिमांड आ रही थी। खासकर के छोटे बच्चे और युवा वर्ग विराट के दीवाने हैं। उनकी राय थी कि किंग कोहली का स्टैच्यू म्यूजियम में जरूर होना चाहिए। अब चूंकि विराट बच्चों और युवाओं के लिए एक स्पोर्ट्स आइकन भी बन चुके हैं। अब इससे अच्छा अवसर क्या होगा, जब कोहली विश्व क्रिकेट में उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। ऐसे में हमने भी निर्णय लिया कि सचिन तेंदुलकर और महेन्द्र सिंह धोनी के बाद मोम के बने हुए विराट कोहली की मूर्ति को जयपुर वैक्स म्यूजियम में स्थापित किया जाए।
आक्रामक पोज में नजर आएंगे विराट
उन्होंने बताया- विराट (Virat Kohli) की छवि मैदान में एक आक्रामक क्रिकेटर की रही है। इसलिए स्टैच्यू के पोज के लिए भी उनके आक्रामक भाव को ही चुना गया। वैक्स फिगर को अनूप श्रीवास्तव के क्रिएटिव डायरेक्टशन में गणेश और लक्ष्मी की जोड़ी ने लगभग दो महीने में तैयार किया है। वैक्स के बने विराट के पुतले का वजन 35 किलोग्राम है, जबकि हाइट 5 फिट 9 इंच है। विराट के कपड़ों को बॉलीवुड के डिजाइनर बोध सिंह ने बनाया है। अनूप ने बताया- स्टैच्यू सिलेक्शन को लेकर हमारा हमेशा से ही एक साफ निर्णय रहा है कि म्यूजियम में सेलिब्रिटी से भी ज्यादा उन महान लोगों को स्थान दिया जाए, जिनसे हमारी आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिले। म्यूजियम में अब तक कुल 44 वैक्स के पुतले स्थापित हैं।
कहां बना है म्यूजियम
जयपुर वैक्स म्यूजियम ऐसा पहला संग्रहालय है, जो लगभग 300 वर्ष पुराने किले में बना हुआ है। साथ ही दुनिया के अन्य म्यूजियम से जुदा इसीलिए है कि यहां पर हर पुतले को एक विशेष बने सेट के साथ स्थापित किया गया है। हर पुतले के पीछे हाथ से बनी पेंटिंग, म्यूजियम, पुतले से जुड़ी उनकी खास वस्तु, एक्सक्लूसिव फोटो वॉल और एक विशेष महक के साथ रखा गया है।