Jaipur: लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) आज एक बार फिर राजस्थान आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी पुष्कर के मेला मैदान में अजमेर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी और नागौर प्रत्याशी ज्योति मिर्धा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पुष्कर के मेला मैदान में सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड से सभा स्थल मेला ग्राउंड तक बेरिकेडिंग की गई है।
अजमेर संभाग की इन 4 सीटों को साधेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। जहां से हेलिकॉप्टर से पुष्कर पहुंचेंगे। दोपहर 2:45 बजे प्रधानमंत्री चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री पुष्कर की सभा से अजमेर संभाग की चार लोकसभा सीट नागौर, भीलवाड़ा, टोंक और अजमेर को साधने का प्रयास करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभा के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पुष्कर विधायक और कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत, राज्य मंत्री ओंकार सिंह लखावत, प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर, पुष्कर पालिका अध्यक्ष कमल पाठक, पालिका उपाध्यक्ष शिव स्वरूप महर्षी समेत मौजूद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अजमेर जिला पुलिस के जवान पुष्कर में बड़ी संख्या में तैनात है। ट्रैफिक व्यवस्थाओं को देखने के लिए अतिरिक्त पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया है।
सीएम भजनलाल शर्मा भी पहुंचे पुष्कर
सीएम भजनलाल शर्मा पीएम मोदी (PM Modi) की रैली में शामिल होने के लिए पुष्कर पहुंचें। यहां पुष्कर के पंडित नरेश रायता, दिनेश रायता, हेमंत रायता, कमल रायता, भवानी शंकर व हनुमान राजगुरु ने पूजा कराई। पूजा अर्चना में सांसद भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, ओंकार सिंह लखावत, विधायक शत्रुघ्न गौतम, रामस्वरूप लांबा, पालिका अध्यक्ष कमल पाठक सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे। जिसके बाद सीएम ब्रह्मा मंदिर पहुंचे और दर्शन किए । दर्शन करने के बाद पुष्कर के हेलीपेड के नजदीक बने निजी होटल में स्थानीय पुरोहितों ने सीएम भजनलाल का स्वागत किया। जहां मुख्यमंत्री ने पुरोहित से संवाद भी किया।
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने लिया तैयारियों का जायजा
रैली से पहले प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया। डिप्टी सीएम, कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत के साथ सभा स्थल पर पहुंचे। इस दौरान दीया कुमारी ने पुष्कर सरोवर पर पूजा अर्चना की। इस दौरान डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने दावा करते हुए कहा-हम प्रदेश की 25 सीटें जीत रहे हैं। कांग्रेस पूरी तरह से टूट चुकी और बिखर चुकी है। कोई विपक्ष नहीं है। इसलिए कांग्रेस के नेता और विपक्ष के नेता भाजपा में आ रहे है।
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने पुष्कर सरोवर पहुंचकर पूजा अर्चना की।