गाजियाबाद: बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को लेकर इन दिनों चर्चा तेज है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कंपनी के पानी के एक विशेष बैच की बिक्री पर रोक लगाए जाने के बीच गाजियाबाद में आयोजित एक सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें और जानकारी सामने आई हैं। खास बात यह है कि FSSAI से जुड़े इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए बिसलेरी का पैकेज्ड पानी इस्तेमाल किया गया इस कार्यक्रम में देशभर के केंद्रीय और राज्य खाद्य सुरक्षा विभागों से जुड़े 1,155 अधिकारियों ने हिस्सा लिया। ऐसे में एक तरफ बिसलेरी के एक बैच को लेकर नियामकीय कार्रवाई और दूसरी तरफ FSSAI के ही प्रशिक्षण कार्यक्रम में उसी ब्रांड का पानी इस्तेमाल किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
गाजियाबाद में हुआ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का प्रशिक्षण
गाजियाबाद स्थित NTCFSS में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक कानूनों के तहत बिक्री पर रोक, प्रतिबंध और संबंधित नियामकीय प्रावधानों की जानकारी देना था। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए अधिकारियों को इस दौरान खाद्य उत्पादों की निगरानी और नियमों के अनुपालन से जुड़े पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए पैकेज्ड पानी की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बिसलेरी का पानी इस्तेमाल किया गया।
जिस समय बैच पर कार्रवाई, उसी दौरान कार्यक्रम में इस्तेमाल हुआ पानी
इस पूरे मामले को इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि जिस अवधि में बिसलेरी के एक विशेष बैच को लेकर FSSAI की कार्रवाई सामने आई, उसी दौरान सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में कंपनी का पैकेज्ड पानी नजर आया। हालांकि, यहां यह समझना जरूरी है कि FSSAI की कार्रवाई बिसलेरी के पूरे उत्पाद या पूरे ब्रांड पर नहीं, बल्कि एक खास बैच को लेकर बताई गई है। इसलिए कार्यक्रम में इस्तेमाल किए गए पानी को उसी प्रतिबंधित बैच का हिस्सा मानना फिलहाल उचित नहीं होगा।
बिसलेरी ने क्या कहा?
बिसलेरी इंटरनेशनल ने इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा है कि FSSAI की कार्रवाई कंपनी के सभी उत्पादों पर लागू नहीं है। कंपनी के मुताबिक, नियामक की ओर से केवल GO 270 बैच की बिक्री पर रोक लगाई गई है। कंपनी के अनुसार यह बैच 27 सितंबर 2025 को गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार किया गया था। कंपनी ने बताया कि इस बैच के एक सैंपल को लेकर उससे स्पष्टीकरण मांगा गया था।
बाजार में नहीं है संबंधित बैच का स्टॉक
बिसलेरी का कहना है कि जिस GO 270 बैच को लेकर कार्रवाई की गई है, उसका स्टॉक फिलहाल बाजार में उपलब्ध नहीं है। कंपनी ने यह भी बताया कि वह हर साल बड़ी संख्या में पानी के बैच तैयार करती है और गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए अपने प्लांट्स में निर्धारित प्रक्रियाएं अपनाती है।कंपनी के मुताबिक, उसके 143 प्लांट में गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े तय मानकों का पालन किया जाता है। बिसलेरी ने अपने उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है।
FSSAI के प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्या बताया गया?
गाजियाबाद में हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मुख्य रूप से खाद्य उत्पादों पर बिक्री रोक और प्रतिबंध से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को यह समझाया गया कि खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत किसी उत्पाद या बैच के खिलाफ कार्रवाई किन परिस्थितियों में की जा सकती है और नियामकीय प्रक्रिया कैसे आगे बढ़ती है। ऐसे में कार्यक्रम में बिसलेरी के पानी का इस्तेमाल होना सोशल मीडिया और सार्वजनिक चर्चा में इसलिए आया, क्योंकि उसी समय कंपनी के एक बैच को लेकर FSSAI की कार्रवाई सुर्खियों में थी।
पान मसाला और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड पर भी FSSAI का फोकस
इसी कार्यक्रम के दौरान FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने पान मसाला और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों के विज्ञापनों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने मशहूर हस्तियों द्वारा किए जाने वाले भ्रामक विज्ञापनों को नैतिकता से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। उनके अनुसार, ऐसे विज्ञापनों के खिलाफ एजेंसी की कार्रवाई का असर देखने को मिला है और कुछ हस्तियों ने अपने विज्ञापन वापस भी लिए हैं।
पान मसाला मामलों की निगरानी महाराष्ट्र के जिम्मे
राजित पुनहानी के मुताबिक, पान मसाला से जुड़े विज्ञापन मामलों की निगरानी महाराष्ट्र द्वारा की जा रही है। वहीं, अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों के प्रचार को लेकर भी FSSAI की ओर से कार्रवाई जारी है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच बिसलेरी का मामला इसलिए चर्चा में आया है क्योंकि एक विशेष बैच पर बिक्री रोक की कार्रवाई और FSSAI के सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में उसी ब्रांड के पानी का इस्तेमाल- दोनों बातें एक ही समय में सामने आईं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक कार्रवाई केवल GO 270 बैच तक सीमित है और कंपनी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित बैच का स्टॉक बाजार में उपलब्ध नहीं है।