अयोध्या: भगवान श्रीराम के तिलकोत्सव को लेकर रामनगरी अयोध्या में उत्सव का माहौल है। रविवार को होने वाले तिलकोत्सव के लिए माता सीता के मायके जनकपुर (नेपाल) से 51 सदस्यीय तिलकहरू दल अयोध्या पहुंचा है। खास बात यह है कि सभी मेहमान पहली बार सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। दल में जनकपुर के मेयर, जानकी मंदिर के महंत और माता सीता की सखियों के रूप में शामिल 10 महिलाएं भी मौजूद हैं। जनकपुर से आए मेहमान भगवान राम के लिए विशेष तिलक और नेग लेकर पहुंचे हैं।
पहली बार सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या पहुंचा तिलकहरू दल
जनकपुर से आए 51 सदस्यीय दल ने सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या पहुंचकर राम-जानकी विवाहोत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाया। ट्रेन सुबह 7:20 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन निर्धारित समय से 5 मिनट पहले ही अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंच गई।ट्रेन में करीब 600 यात्री सवार थे। स्टेशन अधीक्षक महेंद्रनाथ मिश्र ने सहयोगियों के साथ यात्रियों का स्वागत किया। वहीं, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश तिवारी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर तिलक चढ़ाने आए श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। ट्रेन करीब 10 मिनट रुकने के बाद अयोध्या कैंट के लिए रवाना हो गई।
रामलला को तिलक और नेग अर्पित करेगा जनकपुर का दल
राम-जानकी विवाहोत्सव की पारंपरिक रस्मों के तहत जनकपुर से आया दल भगवान राम को तिलक लगाएगा और भार यानी नेग अर्पित करेगा। यह रस्म विवाहोत्सव की महत्वपूर्ण परंपराओं में शामिल है।
तिलक जनकपुर के जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास चढ़ाएंगे। वे इस परंपरा में माता सीता के छोटे भाई मंगलदेव की भूमिका निभाएंगे। जनकपुर से आई सीता जी की सखियां भी रामलला के लिए विशेष उपहार लेकर पहुंची हैं।
दल में जनकपुर के मेयर और जानकी मंदिर के महंत शामिल
51 सदस्यीय तिलकहरू दल का नेतृत्व नेपाल के मधेश प्रदेश के सभामुख रामाशीष यादव कर रहे हैं।दल में जनकपुर के मेयर मनोज शाह, जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव और नेपाल विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सदस्य मनोहर शाह भी शामिल हैं।इसके अलावा 10 महिलाएं माता सीता की सखियों के रूप में विवाहोत्सव की रस्मों में हिस्सा लेंगी।
रामसेवकपुरम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा तिलकोत्सव
रामसेवकपुरम में तिलकोत्सव के दौरान वेदज्ञ आचार्यों की ओर से वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया जाएगा। भगवान श्रीराम के स्वरूप में एक बालक को सिंहासन पर विराजमान कर पारंपरिक रस्में पूरी की जाएंगी।इस दौरान रामनगरी के प्रमुख संतों और धर्माचार्यों को भी आमंत्रित किया गया है। जनकपुर से आए मेहमान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलकोत्सव में शामिल होंगे।
गाजे-बाजे के साथ रामलला के दरबार पहुंचेंगे मेहमान
तिलकहरू दल के सदस्य रामलला के दर्शन और पूजन भी करेंगे। सबसे पहले जनकपुर से लाए गए नेग और उपहार भगवान राम के चरणों में समर्पित किए जाएंगे।इसके बाद रामसेवकपुरम से जनकपुरवासी गाजे-बाजे के साथ नाचते-गाते रामलला के दरबार पहुंचेंगे। राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से भी जनकपुर से आए मेहमानों का अभिनंदन किया जाएगा।जनकपुर से आए इस दल के पहुंचने के साथ ही राम-जानकी विवाहोत्सव की सदियों पुरानी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव जुड़ गया है।