उन्नाव। स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ गई है। गंजमुरादाबाद ब्लॉक के अटवा बैक गांव निवासी देवर-भाभी की लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान एक दिन के अंतराल में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, दोनों की जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने मृतकों के परिवार और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। इस दौरान 16 लोगों के सैंपल लेकर RT-PCR जांच के लिए KGMU लखनऊ भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संक्रमण की स्थिति स्पष्ट होगी।
तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, अटवा बैक गांव निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की कुछ दिन पहले तबीयत खराब हुई थी। उन्हें तेज बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी हो रही थी। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
इसी दौरान उनकी 56 वर्षीय भाभी की तबीयत भी खराब हो गई। उन्हें भी उपचार के लिए उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दोनों में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण देखते हुए जांच कराई थी। परिजनों के अनुसार, जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों का उपचार शुरू किया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।
दो और तीन सितंबर को हुई मौत
उपचार के दौरान 2 सितंबर की देर रात 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अगले ही दिन 3 सितंबर को उनकी 56 वर्षीय भाभी ने भी दम तोड़ दिया। दोनों की मौत के बाद परिवार ने जांच रिपोर्ट से संबंधित जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाई। मृतका के बेटे की ओर से ई-मेल के जरिए स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में स्वास्थ्य टीम भेजने के निर्देश दिए।
गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
रविवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. मंजेश के नेतृत्व में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम अटवा बैक गांव पहुंची। टीम ने परिवार के सदस्यों के साथ-साथ मृतकों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के दौरान कुल 16 लोगों के संपर्क में आने की जानकारी सामने आई। एहतियात के तौर पर सभी के सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को RT-PCR जांच के लिए KGMU लखनऊ भेजा गया है।
रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी संक्रमण की स्थिति
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल संपर्क में आए लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इनमें से किसी अन्य व्यक्ति में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है या नहीं।
सीएमओ अजय कुमार शर्मा ने बताया कि अस्पताल या लैब की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी विभाग को नहीं मिली है। परिजन की ओर से ई-मेल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी। इसी आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव भेजकर जांच और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी निगरानी
दो संदिग्ध स्वाइन फ्लू मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में निगरानी बढ़ा दी है। संपर्क में आए लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजने के साथ उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। फिलहाल 16 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को किसी भी तरह के लक्षण नजर आने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने और संक्रमण की आशंका में सावधानी बरतने की अपील की गई है।