हरिद्वार : कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं लेकिन हरिद्वार के मुख्य प्रवेश द्वार बहादराबाद की बदहाल स्थिति स्थानीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। बहादराबाद में जगह-जगह गंदगी टूटे पुल और रोजाना लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नरेश वर्मा की मांग
स्थानीय नागरिक नरेश वर्मा ने प्रशासन से बहादराबाद की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इसे कुंभ मेला क्षेत्र में शामिल करने और यहां व्यापक विकास कार्य कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि बहादराबाद वर्ष 1974 से कुंभ क्षेत्र का हिस्सा रहा है लेकिन वर्ष 2021 के कुंभ मेले में इस क्षेत्र को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया।
नरेश वर्मा के अनुसार बहादराबाद हरियाणा पंजाब और सहारनपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं का प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। सड़कों पर गंदगी पुलों की खराब हालत और आए दिन लगने वाले लंबे जाम के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें होती हैं।
प्रवेश मार्ग की अनदेखी
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में बहादराबाद जैसे प्रमुख प्रवेश मार्ग की अनदेखी करना उचित नहीं है। यदि समय रहते यहां की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो आगामी कुंभ के दौरान यातायात और अन्य समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।
नरेश वर्मा ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि बहादराबाद को कुंभ बजट में शामिल किया जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में सड़कों का चौड़ीकरण एलिवेटेड रोड का निर्माण, उचित बस स्टॉप और सार्वजनिक शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
विकास कार्यों को लेकर कदम
अब देखना होगा कि प्रशासन बहादराबाद की इन समस्याओं को कितनी गंभीरता से लेता है और आगामी कुंभ मेले से पहले यहां विकास कार्यों को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि इस बार बहादराबाद को भी कुंभ की विकास योजनाओं में उचित स्थान मिलेगा।