लोहाघाट : लोहाघाट महाविद्यालय से रिशेश्वर महादेव मंदिर जाने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाल पड़ा हुआ है। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण राय नगर चौड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों को पैदल आवाजाही में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मार्ग में जगह-जगह बने गड्ढों और कीचड़ के कारण वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी बना हुआ है।
आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार मार्ग कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त है और बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ जमा होने से स्थिति और भी खराब हो जाती है। ऐसे में पैदल राहगीरों के साथ ही दोपहिया और अन्य वाहनों से आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
क्षेत्र के पूर्व सैनिक गिरीश चंद्र कापड़ी और उमापति राय ने बताया कि यह सड़क पूर्व में मंडी परिषद की ओर से काटी गई थी लेकिन लंबे समय से इसका उचित रखरखाव और सुधारीकरण नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की लेकिन उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
जनप्रतिनिधियों पर जताई नाराजगी
बुजुर्ग पूर्व सैनिकों ने जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के दौरान नेता ग्रामीणों के बीच पहुंचकर समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हैं लेकिन चुनाव के बाद ग्रामीणों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक के समक्ष भी कई बार सड़क सुधारीकरण की मांग रखी गई लेकिन अभी तक धरातल पर कोई समाधान नहीं हो पाया है।
धार्मिक और अंतिम संस्कार के लिए भी महत्वपूर्ण है मार्ग
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग केवल सामान्य आवाजाही के लिए ही नहीं बल्कि धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसी मार्ग से देव डांगरों को शिव मंदिर ले जाया जाता है। इसके अलावा शवदाह के लिए जाने वाले लोग भी इसी रास्ते से रिशेश