नदिया: पश्चिम बंगाल में खाद्य सुरक्षा को लेकर चल रहे अभियान के बीच नदिया के चापड़ा में खाद्य विभाग की छापेमारी से हड़कंप मच गया। होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों में अचानक हुई जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
फ्रिज खोलते ही सामने आया सरा मांस
चापड़ा बीडीओ कार्यालय के पास एक होटल में जांच के दौरान फ्रिज से बासी और पचा हुआ मांस बरामद होने की जानकारी सामने आई। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके रखरखाव, रसोई की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के संरक्षण की व्यवस्था भी जांची।
मिठाई की दुकान में शराब की बोतल से अधिकारी हैरान
सबसे ज्यादा हैरानी तब हुई जब एक मिठाई की दुकान के फ्रिज से शराब की बोतल बरामद हुई। अधिकारियों ने दुकानदार से पूछा कि दुकान में शराब की बोतल कैसे पहुंची। दुकानदार ने दावा किया कि उसे इसकी जानकारी नहीं है और संभव है कि दुकान के कर्मचारियों ने उसे रखा हो।
दो होटल बंद, मिठाई दुकान का लाइसेंस रद्द
जांच के बाद खाद्य विभाग ने दो होटलों को बंद रखने का निर्देश दिया है। वहीं, एक मिठाई की दुकान का खाद्य लाइसेंस रद्द कर दिया गया। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
लोगों ने कार्रवाई का किया स्वागत
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने भी इसे जरूरी कदम बताया। लोगों का कहना है कि बाजार में बिकने वाले भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ न हो।