कोलकाता: कैमक स्ट्रीट मामले में तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन से करीब 6 घंटे तक पूछताछ की गई। डेरेक सुबह 11:10 बजे शेक्सपियर सरणी थाने पहुंचे थे और शाम 5:20 बजे पूछताछ के बाद बाहर निकले।
कैमक स्ट्रीट मामले में दूसरी बार पेशी
कैमक स्ट्रीट मामले में यह डेरेक ओ'ब्रायन की थाने में दूसरी पेशी थी। बताया जा रहा है कि नगर निगम अधिकारियों की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की।
बिलबोर्ड हटाने को लेकर दर्ज हुई शिकायत
27 अगस्त को अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय का बिलबोर्ड हटाने को लेकर शेक्सपियर सरणी थाने में तीन शिकायतें दर्ज की गई थीं। इन शिकायतों में अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन, वैशानर चट्टोपाध्याय, हुमायूं कबीर समेत कई लोगों के नाम शामिल हैं।
सुमित राय से भी हुई थी पूछताछ
इस मामले में एक दिन पहले सुमित राय से भी करीब 5 घंटे तक पूछताछ की गई थी। अब डेरेक ओ'ब्रायन से लगभग 6 घंटे की पूछताछ हुई। हालांकि, थाने से बाहर निकलने के बाद डेरेक ने मीडिया के सामने पूछताछ को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की।
पुलिस फिर कर सकती है तलब
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच की जरूरत पड़ने पर डेरेक ओ'ब्रायन को आने वाले दिनों में दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। वहीं, इस मामले में हुमायूं कबीर को कल शेक्सपियर सरणी थाने में पेश होने के लिए समन किया गया है।