हावड़ा: लगातार बारिश के बाद जलभराव और बदहाल निकासी व्यवस्था से परेशान हावड़ा के सालकिया इलाके में सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। उत्तर हावड़ा के बामनगाछी ब्रिज के पास बनारस रोड को अवरुद्ध कर कई इलाकों के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग को लेकर नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम हटाने को लेकर विवाद की स्थिति भी बन गई। कुछ राजनीतिक कार्यकर्ताओं के मौके पर पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों के साथ उनकी तीखी बहस और कथित तौर पर धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर मालियापांचघड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर हालात को नियंत्रित किया।
छह मोहल्लों के लोगों ने किया प्रदर्शन
स्थानीय लोगों के अनुसार, सालकिया और बामनगाछी ब्रिज के आसपास के महीनाथ पाड़ा, घोष पाड़ा, उत्तम घोष लेन, सीतानाथ बसु लेन, कैबर्त पाड़ा और अक्षय कुमार चटर्जी लेन में जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुख्य सड़कों से पानी कम होने के बावजूद कई संकरी गलियों में लंबे समय तक पानी जमा रहता है। कुछ लोगों का दावा है कि कई जगहों पर पानी घुटनों से ऊपर तक पहुंच गया और बारिश का गंदा पानी घरों, रसोई और दुकानों में घुस गया। लंबे समय तक जलभराव रहने से स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होने के साथ-साथ मच्छर जनित बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ने की चिंता जताई गई।
‘पहले कुछ घंटों में उतर जाता था पानी’
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पहले भारी बारिश के बाद भी इलाके से पानी अपेक्षाकृत जल्द निकल जाता था, लेकिन अब जलभराव कई दिनों तक बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम को कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने बनारस रोड पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने के बाद जाम हटाने को लेकर कुछ राजनीतिक कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सड़क खोलने की कोशिश की गई।
ड्रेनेज लाइन धंसने से समस्या, मंत्री ने बताई वजह
जलभराव को लेकर राज्य के नगर विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय ने कहा कि इलाके में मुख्य ड्रेनेज लाइन के क्षतिग्रस्त या धंस जाने की वजह से पानी की निकासी प्रभावित हुई है। मंत्री के मुताबिक, बनारस रोड से गंगा की ओर जाने वाली मुख्य ड्रेनेज लाइन में समस्या आने से पानी का सामान्य बहाव बाधित हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त क्षमता वाले पंप लगाए जा रहे हैं और जल निकासी का काम तेज किया गया है। उन्होंने दावा किया कि हावड़ा में पहले से 70 से अधिक पंप सक्रिय हैं और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त पंप भी लगाए जा रहे हैं।
स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज मास्टर प्लान
मंत्री ने यह भी कहा कि सिर्फ अतिरिक्त पंप लगाकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा सकता। हावड़ा की पुरानी और दबाव झेल रही जल निकासी व्यवस्था को देखते हुए व्यापक स्तर पर ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य जल निकासी व्यवस्था में दीर्घकालिक सुधार करना है, ताकि भारी बारिश के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में बार-बार होने वाले जलभराव से राहत मिल सके। फिलहाल सालकिया में स्थानीय लोगों का विरोध इस बात को लेकर है कि तत्काल जल निकासी के साथ-साथ प्रशासन ऐसी व्यवस्था तैयार करे, जिससे आने वाले दिनों में बारिश के बाद लोगों को लंबे समय तक गंदे पानी के बीच न रहना पड़े।