कोलकाता: मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट स्थित होटल में पिछले महीने हुए भीषण अग्निकांड में 9 लोगों की मौत के बाद कोलकाता के होटल और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई। घटना के बाद नगर निगम ने शहरभर में होटल और गेस्ट हाउसों की जांच शुरू की।
कई विभागों की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
इस अभियान में कोलकाता नगर निगम के लाइसेंस विभाग और बिल्डिंग विभाग के साथ CESC और दमकल विभाग की टीम भी शामिल रही। अधिकारियों ने अलग-अलग इलाकों में स्थित गेस्ट हाउसों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
3,700 में से 960 गेस्ट हाउसों की जांच
नगर निगम के मुताबिक, कोलकाता में करीब 3,700 छोटे-बड़े गेस्ट हाउस हैं। इनमें से पहले चरण में 960 गेस्ट हाउसों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने भवन की स्थिति से लेकर मेहमानों की सुरक्षा से जुड़े कई पहलुओं की जांच की।
इन सुरक्षा मानकों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान इमारत की स्थिति, हवा के आवागमन की व्यवस्था, कमरों की हालत, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन प्रवेश और निकास मार्ग तथा बिजली के कनेक्शन की जांच की गई। अधिकारियों ने यह भी देखा कि किसी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की पर्याप्त व्यवस्था है या नहीं।
960 में सिर्फ 41 गेस्ट हाउस पास
जांच के नतीजे चौंकाने वाले रहे। 960 गेस्ट हाउसों में केवल 41 ही निर्धारित मानकों पर खरे उतरे। बाकी 919 गेस्ट हाउसों में किसी न किसी स्तर पर सुरक्षा संबंधी खामियां पाई गईं।
919 गेस्ट हाउस बंद करने की सिफारिश
निरीक्षण समिति ने सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले 919 गेस्ट हाउसों को बंद करने की सिफारिश की है। समिति ने इस संबंध में अपनी रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी है। हालांकि, अंतिम कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी।
अग्निशमन व्यवस्था में मिली खामियां
कोलकाता नगर निगम की प्रशासक स्मिता पांडे ने बताया कि बंद करने की सिफारिश किए गए गेस्ट हाउसों में मुख्य रूप से अग्निशमन व्यवस्था से जुड़ी कमियां मिली हैं। कुछ प्रतिष्ठानों के पास वैध लाइसेंस नहीं होने की बात भी सामने आई है।
मानक पूरे करने पर मिलेगा दोबारा मौका
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, जिन गेस्ट हाउसों को बंद करने की सिफारिश की गई है, उन्हें पहले निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा करना होगा। इसके बाद नगर निगम की टीम दोबारा निरीक्षण करेगी और स्थिति की समीक्षा के आधार पर संचालन की अनुमति देने पर फैसला होगा।
‘शिखा इन’ घटना के बाद भेजे गए शो-कॉज नोटिस
न्यू मार्केट इलाके के ‘शिखा इन’ में आग लगने की घटना के बाद शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को शो-कॉज नोटिस भी जारी किए गए हैं। नोटिस में पूछा गया है कि सुरक्षा नियमों में खामियों के बावजूद उनके प्रतिष्ठानों को बंद क्यों न किया जाए।
शनिवार तक देना होगा जवाब
शो-कॉज नोटिस पाने वाले होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को शनिवार तक अपना जवाब देना होगा। उनके जवाब और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।