कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर पश्चिम बंगाल बीजेपी ने बड़े स्तर पर महीनेभर चलने वाले कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य बीजेपी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश के हर जिले, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों और देश की सेवा में उनके योगदान को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
9-10 सितंबर को जिलों में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
अभियान की विस्तृत रूपरेखा जनता और कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने के लिए 9 और 10 सितंबर को राज्य के विभिन्न जिलों में पत्रकार सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। बीजेपी कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रधानमंत्री के कार्यों के साथ-साथ वैश्विक तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का संदेश भी लोगों तक पहुंचाएंगे।
हर बूथ पर जलेंगे 25 दीपक
17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में 'आशीर्वाद प्रदीप' कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। बीजेपी के मुताबिक, प्रत्येक बूथ पर 25 दीपक जलाकर प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। इसके लिए बूथ स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बच्चों के लिए होगी बड़ी चित्रकला प्रतियोगिता
बीजेपी करीब 25 लाख बच्चों को जोड़कर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना बना रही है। पश्चिम बंगाल के चारुकला कॉलेजों और कला से जुड़े संस्थानों से भी इस कार्यक्रम में सहयोग लिया जाएगा। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
'सेवा ज्योति यात्रा' से बूथ तक पहुंचेगा संदेश
अभियान के तहत जिला और मंडल स्तर से 'सेवा ज्योति यात्रा' निकाली जाएगी। वहीं 'सेवा में मेरा योगदान' कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ता सफाई अभियान, जरूरतमंदों की सहायता और समाज के वंचित वर्गों के बीच सेवा गतिविधियां करेंगे।
'सेवा सेतु' से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कोशिश
तीन दिवसीय 'सेवा सेतु' अभियान के तहत शिविर लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। बीजेपी का दावा है कि राज्य सरकार के कथित असहयोग के कारण कई केंद्रीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पाया। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
अभियान के दौरान आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए तीन दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। बीजेपी ने कहा कि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य और सामाजिक सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली इन कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
24 लाख परिवारों की कहानियां सोशल मीडिया पर होंगी साझा
बीजेपी करीब 24 लाख परिवारों की ऐसी कहानियों को सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम के जरिए सामने लाने की तैयारी में है, जिनके जीवन पर प्रधानमंत्री की योजनाओं या सरकारी पहलों का प्रभाव पड़ा है। इसके साथ ही शहरों के विभिन्न हिस्सों में अल्पना बनाकर मोदी सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने की योजना है।
1.25 लाख युवा वैज्ञानिकों को जोड़ने की योजना
कार्यक्रमों में करीब 1 लाख 25 हजार युवा वैज्ञानिकों को भी शामिल करने की बात कही गई है। कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों के फैकल्टी की मदद लेकर अलग-अलग गतिविधियों को जमीनी स्तर पर लागू करने की तैयारी है।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर बनेगी डॉक्यूमेंट्री
बीजेपी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राजनीतिक जीवन और योगदान को भी अभियान का हिस्सा बनाया है। पार्टी की ओर से जल्द ही उनके राजनीतिक जीवन पर आधारित एक संक्षिप्त सूचना-चित्र यानी डॉक्यूमेंट्री जारी किए जाने की बात कही गई है।
Gen-Z को अलग वर्ग मानने पर बीजेपी की आपत्ति
पत्रकार वार्ता में Gen-Z को लेकर भी पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया दी गई। बीजेपी नेताओं ने कहा कि युवाओं को समाज से अलग वर्ग के तौर पर देखने के बजाय उन्हें भारतीय समाज का अभिन्न हिस्सा माना जाना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं को अपनी भाषा में विचार रखने और सरकार की आलोचना करने का अधिकार है। पार्टी ने कहा कि Gen-Z को अलग-थलग करके देखने के बजाय उन्हें व्यापक सामाजिक भागीदारी का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।