मुंबई | भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। एशियाई बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से घरेलू बाजार को शुरुआती सपोर्ट मिला। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 298.99 अंक यानी 0.41 फीसदी चढ़कर 72,771.32 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 72.75 अंक यानी 0.32 फीसदी की बढ़त के साथ 22,593.20 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
इन सेक्टर्स में रही तेजी
शुरुआती कारोबार में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में रहे। निफ्टी मीडिया, निफ्टी ऑटो और निफ्टी केमिकल्स में 1 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी रियल्टी, ऑयल एंड गैस, सीमेंट, मेटल और आईटी इंडेक्स में करीब 0.64 से 0.81 फीसदी तक की बढ़त देखने को मिली। हालांकि, निफ्टी PSU बैंक में मामूली 0.01 फीसदी की गिरावट रही।
वैश्विक दबाव से बाजार को चुनौती
बाजार विश्लेषकों के मुताबिक घरेलू सकारात्मक संकेतों के बावजूद वैश्विक कारक निकट अवधि में बाजार की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं। कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड का स्तर निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII की बिकवाली जारी रहने की संभावना है। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशक यानी DII इस बिकवाली का मुकाबला करते हुए बाजार को सपोर्ट दे सकते हैं।
GDP ग्रोथ और कंपनियों के मुनाफे से उम्मीद
वित्त वर्ष 2026-27 में 7.1 फीसदी GDP ग्रोथ का अनुमान और कंपनियों की बेहतर होती लाभप्रदता बाजार के लिए मजबूत बुनियादी समर्थन माने जा रहे हैं। इससे निवेशकों की धारणा को सकारात्मक आधार मिल सकता है।
एशियाई बाजारों और कच्चे तेल पर नजर
एशियाई बाजारों में निवेशक कंपनियों के आगामी तिमाही नतीजों से पहले सतर्क नजर आए। खास तौर पर प्रौद्योगिकी कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन पर बाजार की नजर बनी हुई है। उधर, ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के समझौते के बाद रूस से तेल की आपूर्ति बढ़ने की संभावनाओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है। इसका असर भारतीय शेयर बाजार की शुरुआती धारणा पर भी देखने को मिला।