धार्मिक नगरी उज्जैन में मकर संक्रांति पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शहर के प्रसिद्ध गढ़कालिका माता मंदिर पर जहां माता का पतंग से भव्य श्रृंगार व पूजन अर्चन किया गया, वहीं गाय को गुड़ खिलाने के साथ ही 151 ब्राह्मण बटुकों द्वारा विशेष पूजन अर्चन किया गया। देवी को तिल के लड्डुओं का महाभोग लगाया गया। मंदिर की शासकीय पुजारी महंत करिश्मा नाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर माँ गढ़कालिका के दरबार में भी उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर गर्भगृह के अंदर व बाहर रंग बिरंगी पतंगों से श्रृंगार किया गया तथा मां गढ़कालिका को तिल के लड्डुओं का महाभोग लगाया गया। आरती, पूजन करने के पश्चात श्रद्धालुओं में तिल के पकवानों का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर में उमड़े।
संक्रांति पर्व के अवसर पर उज्जैन की प्रसिद्ध भर्तृहरि गुफा में परंपरा अनुसार गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी व तिल के पकवानों का भोग लगाया गया।