पश्चिमी विक्षोभ के असर और हवाओं के रुख में बदलाव के कारण प्रदेश में रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है, वहीं आंशिक बादल और कोहरे के प्रभाव से दिन का तापमान गिरा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार को प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट शुरू होने की संभावना है।शुक्रवार को मध्यप्रदेश में रात का सबसे कम तापमान शिवपुरी में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छह शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।
सात शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा
दतिया, नौगांव और टीकमगढ़ में शीतल दिन रहा, जबकि ग्वालियर और खजुराहो में घना कोहरा देखा गया। भोपाल, रीवा, दतिया, रतलाम, दमोह, सागर और सतना में मध्यम कोहरा रहा। दिन का अधिकतम तापमान नर्मदापुरम में 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सात शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।
जेट स्ट्रीम हवाओं का असर
वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर भारत में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 213 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।पश्चिमी विक्षोभ शनिवार को आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद रात के तापमान में फिर गिरावट आ सकती है। हवाओं का रुख फिर उत्तरी होने लगा है। शनिवार से बादल छंटने की संभावना है और रविवार से प्रदेश में ठिठुरन फिर बढ़ने के आसार हैं।
Comments (0)