बालोद। बालोद जिले में सोमवार को एक 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी, तभी सिंचाई कॉलोनी में एक युवक ने कथित तौर पर उस पर एसिड डाल दिया।हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। उसके चेहरे और आंख के आसपास भी जलने की चोटें आई हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
लाइब्रेरी से लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, छात्रा ने MA की पढ़ाई पूरी कर ली है और फिलहाल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह आमापारा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी।इसी दौरान आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन के कारण चिल्लाने लगी।आसपास मौजूद लोगों ने छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया।
शरीर का दाहिना हिस्सा और चेहरा झुलसा
पुलिस के अनुसार, एसिड हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलसा है। चेहरे और आंख के आसपास भी जलने की चोटें आई हैं।पीड़िता बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है।
CCTV में भागता नजर आया आरोपी
एसिड डालने के बाद आरोपी युवक मौके से पैदल ही आमापारा केनाल की ओर फरार हो गया। घटना से जुड़े CCTV फुटेज में युवक के भागते हुए नजर आने की जानकारी सामने आई है।सूचना मिलते ही टीआई, एसपी और एएसपी समेत प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।