राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। वर्तमान में एयरपोर्ट का रनवे 2744 मीटर लंबा है, जिस पर बोइंग 737 जैसे बड़े विमान उतर सकते हैं। एक्सटेंशन के बाद रनवे की लंबाई 3416 मीटर होगी, जिससे भविष्य में बोइंग 777 जैसे जंबो विमानों की लैंडिंग भी संभव हो जाएगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का दावा है कि जल्द ही भोपाल एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी की शुरुआत भी की जाएगी।
सर्वे और यात्रियों की मांग के अनुसार विस्तार
इस विस्तार के लिए एयर इंडिया और इंडिगो जैसी एयरलाइंस लगातार यात्रियों के बीच डिमांड सर्वे कर रही हैं। सामरिक दृष्टि से भोपाल एयरपोर्ट मध्य भारत में स्थित है। पड़ोसी देशों की वायु सेना और हवाई मारक क्षमता का आंकलन करने के बाद एयरपोर्ट पर भारतीय सेना के बेस बनाने योग्य संसाधन भी स्थापित किए जा रहे हैं। देश के कुछ एयरपोर्ट को इसी तरह विकसित किया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर सेना इसका इस्तेमाल कर सके।
इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए तैयारियां
भविष्य में यहां इंटरनेशनल फ्लाइट्स के संचालन के लिए भी तैयारियां की जा रही हैं। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री जिस अत्याधुनिक बोइंग-777 विमान में सफर करते हैं, वह अब भोपाल एयरपोर्ट पर उतर सकेगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने हाल ही में रनवे टर्न पैड का विस्तार पूरा किया है, जिसमें लगभग सात करोड़ रुपए का निवेश किया गया। टर्न पैड वह हिस्सा है, जहां बड़े विमान टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान रनवे पर मोड़ लेते हैं। इस तकनीकी सुधार से बड़े विमानों की संचालन क्षमता और इंटरनेशनल उड़ानों की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं।
Comments (0)