प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज मुंबई में महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस मुलाकात के दौरान भारत और फ्रांस के बीच लगभग 3.25 लाख करोड़ रुपये की रक्षा डील पर सहमति बन सकती है। कीमत के लिहाज से यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी सैन्य खरीद मानी जा रही है। इस समझौते के तहत भारत को 114 राफेल फाइटर जेट मिलेंगे। बैठक में रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, इंडो-पैसिफिक रणनीति, उभरती तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। यह बैठक दोपहर 3:15 बजे मुंबई के लोक भवन में आयोजित की जाएगी।
इनोवेशन ईयर 2026 का उद्घाटन
दोनों नेता शाम 5:15 बजे भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर 2026 की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर वे दोनों देशों के उद्योगपतियों, स्टार्टअप संस्थापकों, शोधकर्ताओं और नवाचार क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत यात्रा पर रहेंगे और दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट में भी भाग लेंगे।
मैक्रों का चौथा भारत दौरा
राष्ट्रपति बनने के बाद यह मैक्रों की चौथी भारत यात्रा है। इससे पहले वे 2018 में पहली बार भारत आए थे। इसके बाद 2023 में G20 शिखर सम्मेलन और 2024 में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। भारत और फ्रांस के बीच 1998 से रणनीतिक साझेदारी कायम है। दोनों देश रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष और ऊर्जा जैसे अहम क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं।
24 ‘सुपर राफेल’ भी शामिल
नई डील की खास बात यह है कि 114 विमानों में से 24 ‘सुपर राफेल’ होंगे, जिन्हें F-5 वर्जन बताया जा रहा है। इनका निर्माण फ्रांस की कंपनी दसॉ एविएशन करेगी। फिलहाल भारतीय वायुसेना के पास मौजूद राफेल F-3 वेरिएंट के हैं, जिन्हें 4.5 जेनरेशन फाइटर जेट माना जाता है। नई डील में अधिकांश विमान F-4 वर्जन के होंगे, जो अत्याधुनिक सिस्टम और अपग्रेड टेक्नोलॉजी से लैस होंगे।
Comments (0)