बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की गई। साउथ सब जोनल ब्यूरो से जुड़े कुल 52 माओवादियों ने हिंसा और जनविरोधी विचारधारा को त्यागते हुए आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पित माओवादियों पर कुल ₹1.41 करोड़ का इनाम घोषित था। इनमें 21 महिलाएं शामिल हैं, जो लंबे समय से माओवादी संगठनों में सक्रिय थीं।
कई संगठनों से जुड़े थे आत्मसमर्पित माओवादी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी), आंध्र-ओडिशा बॉर्डर (एओबी) डिवीजन और माड़ डिवीजन से जुड़े थे। इनमें माड़ डिवीजन का डीवीसीएम लक्खू कारम उर्फ अनिल भी शामिल है, जिसे संगठन का सक्रिय सदस्य माना जाता था।
पुलिस अधीक्षक की अपील
बीजापुर पुलिस अधीक्षक ने शेष माओवादियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटें। उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 से अब तक जिले में 876 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि 1,126 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया और 223 मुठभेड़ों में मारे गए हैं।
Comments (0)