बीजापुर: बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए कैश बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए बताई गई है। इसमें सोने के 33 बिस्किट शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, जिले में अब तक नक्सलियों के छिपाए गए डंप से कुल 12.34 किलोग्राम सोना और करीब 8.24 करोड़ रुपए कैश बरामद किया जा चुका है।
जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाया था सोना
पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि भैरमगढ़ और पुटरू थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में सोना और कैश छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान की योजना बनाई।अभियान के दौरान इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। तलाशी लेने पर जवानों को सोने के 33 बिस्किट और 24 लाख 22 हजार 500 रुपए कैश मिले। सोने को टीन के बक्सों और स्टील के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था।
3.84 किलो सोना, कीमत करीब 4.29 करोड़ रुपए
सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कुल 3.84 किलोग्राम सोना बरामद हुआ है। इसमें 33 सोने के बिस्किट शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा 330 तोला बताई गई है। बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए आंकी गई है।इसके अलावा डंप से 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद भी मिले हैं। इतनी बड़ी मात्रा में सोना और कैश मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बीजापुर में अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ कैश बरामद
पुलिस के मुताबिक, बीजापुर जिले में नक्सलियों के छिपाए गए डंप के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अलग-अलग इलाकों में सर्च ऑपरेशन के दौरान पहले भी बड़ी मात्रा में सोना और नकदी बरामद की जा चुकी है।ताजा कार्रवाई के बाद जिले में अब तक कुल 12.34 किलोग्राम सोना और करीब 8.24 करोड़ रुपए कैश बरामद होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है।
सोना और कैश किसका, पुलिस कर रही जांच
एसपी ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना और नकदी मिलने के बाद पुलिस इसकी संपत्ति के स्रोत का पता लगा रही है। जांच की जा रही है कि यह संपत्ति किसकी थी और इसे जंगल में किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था।पुलिस बरामदगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।