राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने चुनावी नतीजों में पारदर्शिता पर सवाल उठाए है। तन्खा ने कहा कि, कांग्रेस EVM मुद्दे को लेकर अदालत जा सकती है, क्योंकि चुनाव में पारदर्शिता के मुद्दे को लेकर संसद, कोर्ट, चुनाव और जनता के बीच जाने का रास्ता खुला है।
जिस तरह की पारदर्शिता होनी चाहिए थी वह नहीं दिखी
कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने कहा कि, चुनाव में जिस तरह की पारदर्शिता होनी चाहिए थी वह नहीं दिखी। चुनाव के पहले ग्राउंड में बदलाव का माहौल था। वहीं, चुनावी नतीजों के बाद लोगों में आक्रोश दिख रहा है। राज्यसभा सांसद ने आगे कहा कि, देश में ऐसी व्यवस्था हो, जिससे चुनाव निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके और चुनाव में पारदर्शिता का मुद्दा INDIA गठबंधन का अहम विषय होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, विपक्ष के अस्तित्व के लिए जरूरी है कि, हम सब मिलकर लड़ाई लड़ें।
3 राज्यों में बीजेपी की बंपर जीत
आपको बता दें कि, हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की है। वहीं, इन सभी राज्यों में कांग्रेस का सूफड़ा साफ हो गया है। चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस सत्ता में थी, जबकि एमपी में भाजपा की सरकार थी। वहीं, लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीजेपी की इन राज्यों में जीत को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Comments (0)