भोपाल। मध्यप्रदेश में मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 7, 8 और 9 अक्टूबर को प्रदेशभर के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा ने निर्देश दिए हैं कि कैंप के दौरान मतदाताओं से फॉर्म-6 के अलावा किसी तरह का घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा।
7 से 9 अक्टूबर तक सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने मंगलवार को निर्वाचन सदन, भोपाल से प्रदेश के उप जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 7, 8 और 9 अक्टूबर को प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला उप निर्वाचन अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि शिविर के दौरान फॉर्म-6 के अलावा कोई घोषणा पत्र मतदाताओं से नहीं लिया जाए।
18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं के भी लिए जाएंगे फॉर्म
संजीव कुमार झा ने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 1 अक्टूबर को 18 वर्ष पूरी हो गई है, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म लिए जाएंगे। इसके अलावा जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए भी एडवांस में फॉर्म जमा कराए जाएंगे।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। पात्र मतदाता voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और विशेष रूप से युवा मतदाताओं को ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
पिछड़े जिलों को काम में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में अब तक हुए कार्यों की भी समीक्षा की गई। इंदौर और विदिशा में हुई प्रगति के लिए सराहना की गई। वहीं, जिन जिलों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने का काम अपेक्षाकृत पीछे है, उन्हें प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। संजीव कुमार झा ने विशेष कैंप को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया।