छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार ने मंगलवार को तीन न्यायिक अधिकारियों की हाईकोर्ट के जज के तौर पर नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।नियुक्त किए गए न्यायिक अधिकारियों में संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार शामिल हैं। इन नियुक्तियों के बाद हाईकोर्ट में न्यायिक कामकाज के लिए उपलब्ध जजों की संख्या में इजाफा होगा।

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद नियुक्ति
तीनों नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के आधार पर की गई हैं। कॉलेजियम ने 18 अगस्त 2026 को हुई बैठक में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के लिए तीन न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किए गए।
22 जजों की स्वीकृत संख्या, अभी थे 11
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या 22 है। नियुक्ति से पहले हाईकोर्ट में कुल 11 जज कार्यरत थे।अब तीन नए जजों की नियुक्ति के बाद यह संख्या बढ़कर 14 हो जाएगी। हालांकि, स्वीकृत संख्या के मुकाबले हाईकोर्ट में अभी भी 8 पद खाली रहेंगे।