छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से सामने आए गांजा तस्करी के मामले ने सोशल मीडिया की दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि लाखों फॉलोअर्स वाला एक फेमस यूट्यूबर है।
एंबुलेंस से हो रही थी गांजे की तस्करी
7 जनवरी को महासमुंद पुलिस ने नियमित चेकिंग के दौरान एक एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली। जांच में एंबुलेंस से 5 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में खुला पूरा नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। जांच की कड़ी आगे बढ़ी और धीरे-धीरे पूरा नेटवर्क सामने आता गया। इसी दौरान इस रैकेट के मास्टरमाइंड के रूप में महाराष्ट्र निवासी फेमस यूट्यूबर आकाश जाधव का नाम सामने आया।
50 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर वाला यूट्यूबर गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, आकाश जाधव के यूट्यूब चैनल पर 56 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर उसके करीब 3 लाख फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया पर वह खुद को सांपों का रेस्क्यू करने वाला पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता बताता था।
भरोसे की आड़ में चला रहा था तस्करी का खेल
पुलिस का कहना है कि आकाश जाधव ने सोशल मीडिया से मिली लोकप्रियता और भरोसे का इस्तेमाल गांजा तस्करी के नेटवर्क को चलाने में किया। उसके वीडियो और रील्स लाखों लोग देखते थे, जिससे उसे पहचान के साथ-साथ एक विश्वसनीय चेहरा भी मिल गया था।\
एंबुलेंस का इस्तेमाल, ताकि न हो शक
जांच में यह भी सामने आया है कि गांजा तस्करी के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि पुलिस चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो और आसानी से बचा जा सके।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार, तलाश जारी
महासमुंद पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।वहीं, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और जांच लगातार जारी है।
सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप
इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर भी हलचल तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली चमक-दमक के पीछे आखिर क्या सच छिपा होता है।
नशे के खिलाफ अभियान की बड़ी सफलता: पुलिस
महासमुंद पुलिस ने इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता बताया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments (0)