हीरों की नगरी पन्ना में वर्ष 2026 के फरवरी माह के अंत में बहुप्रतीक्षित हीरा नीलामी का आयोजन होने जा रहा है। एक वर्ष से अधिक समय तक नीलामी नहीं होने से हीरा व्यापारियों (तुआदारों) में बेचैनी का माहौल बना हुआ था। नीलामी की तारीखों के ऐलान में देरी के कारण बाजार में कालाबाजारी और अवैध हीरा कारोबार की चर्चाएं भी तेज हो गई थीं। अब प्रदेश के इकलौते अत्याधुनिक नवीन हीरा कार्यालय में नीलामी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है।
लंबे इंतजार के बाद नीलामी, व्यापारियों में उत्साह
नियमित नीलामी नहीं होने से हीरा व्यापार प्रभावित हो रहा था। व्यापारियों का कहना है कि लंबे अंतराल के बाद आयोजित होने जा रही नीलामी से बाजार में सकारात्मक माहौल बनेगा। नवीन हीरा कार्यालय में व्यवस्थाओं को अंतिम स्वरूप दिया जा चुका है और सुरक्षा एवं पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
5 उज्ज्वल हीरे बनेंगे आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष की नीलामी में कुल 5 उज्ज्वल किस्म के बेशकीमती हीरे विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। इनमें 17.11 कैरेट, 15.34 कैरेट, 11.95 कैरेट, 9.4 कैरेट एवं 7.67 कैरेट वजन के हीरे शामिल हैं। उच्च गुणवत्ता वाले इन हीरों को लेकर तुआदारों में खास उत्सुकता बनी हुई है। इसके अतिरिक्त, नीलामी में पिछले वर्ष के 41 नग तथा इस वर्ष के 111 नग, कुल 152 नग हीरे शामिल किए जाएंगे। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इन हीरों का अनुमानित बाजार मूल्य 2 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 की हीरा नीलामी भी काफी चर्चित रही थी, जिसमें बिके सबसे बड़े हीरे ने रिकॉर्ड कीमत हासिल कर पन्ना को राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में ला दिया था।
इनका कहना
“इस वर्ष नीलामी में देरी का प्रमुख कारण हीरों की अपेक्षाकृत कम आवक रही। अब नीलामी के लिए पर्याप्त मात्रा में हीरे उपलब्ध हैं। नवीन हीरा कार्यालय में आयोजित होने वाली इस वर्ष की हीरा नीलामी विशेष और भव्य होगी। इसी माह नीलामी की तिथियां जारी की जाएंगी।” — रवि पटेल, खनिज अधिकारी, पन्ना
Comments (0)