उत्तर भारत में सर्द मौसम धीरे-धीरे पीछे हट रहा है और दिन के तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सुबह-शाम की हल्की ठंड के अलावा अब दिन में गर्माहट महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में शीत लहर का दौर लगभग समाप्त होने वाला है।
मैदानी राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, यूपी, हरियाणा और पंजाब में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। हवा की दिशा और नमी में बढ़ोतरी के कारण अगले कुछ दिनों में मौसम अचानक बदल सकता है। विशेष रूप से 15 फरवरी के बाद कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में हल्की गिरावट भी आ सकती है, लेकिन शीतलहर जैसी स्थिति वापस लौटने की आशंका नहीं है।
दिल्ली एनसीआर में बदलता मौसम, बादलों की वापसी
दिल्ली एनसीआर में आसमान मेें बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे रात और सुबह के दौरान हल्की ठंड महसूस हो सकती है। बढ़ते बादल और पश्चिमी विक्षोभ के कारण 15 फरवरी के बाद तेज हवा और बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह परिवर्तन फरवरी के मध्य में सामान्य है और इसका सीधा प्रभाव वायु गुणवत्ता पर भी पड़ सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और भारी बर्फबारी की चेतावनी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम के बिगड़ने के संकेत और अधिक स्पष्ट हैं। उत्तराखंड में 16 और 17 फरवरी को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल में मौसम खराब रहने की संभावना अधिक है। हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन 15 फरवरी के बाद से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाओं की चेतावनी पहले ही जारी कर दी गई है।
13 से 19 फरवरी तक कई राज्यों में बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 13 से 19 फरवरी के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर रहने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ ही पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के मामले बढ़ सकते हैं। इस अवधि में तापमान में हल्की उतार-चढ़ाव की स्थिति बनेगी, लेकिन ठंड की वापसी के आसार कम हैं।
Comments (0)