नया रायपुर। नया रायपुर के सेंध गांव में शुक्रवार को उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई जब प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए 18 मकानों पर बुलडोजर चला दिया। NRDA इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच आमना–सामना भी हुआ। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
कार्रवाई के बाद गांव में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। जिन परिवारों के मकान तोड़े गए उनका कहना है कि उन्हें न तो पहले से स्पष्ट सूचना दी गई और न ही किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। प्रभावित लोगों ने कहा कि अब उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं बची है। कुछ ग्रामीणों ने तो आत्मदाह जैसी चेतावनी भी दे डाली।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक साल पहले नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA) की ओर से नोटिस जरूर मिला था, जिसका उन्होंने जवाब भी दिया था। उनका कहना है कि इसके बाद लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उन्हें लगा मामला ठंडे बस्ते में चला गया है। लेकिन अचानक प्रशासनिक अमला पहुंचा और सीधे बुलडोजर चलाकर घर तोड़ दिए गए।
कार्रवाई के दौरान महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध जताया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
ग्रामीणों की मांग है कि जब तक उन्हें पुनर्वास या वैकल्पिक जमीन/मकान नहीं दिया जाता, तब तक इस तरह की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए थी। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।
Comments (0)