पन्ना। धार्मिक आस्था पर लगातार वार कर रहे और सूने घरों व मंदिरों में दहशत फैलाने वाले कुख्यात चोर गिरोह का पन्ना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत पन्ना, सतना और कटनी जिलों में हुई मंदिर चोरियों का खुलासा करते हुए 7 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जप्त किया है, जिसमें 5 किलो चांदी (जेवरात व सिल्लियां), 13 मोटरसाइकिलें, ताले काटने की कटर मशीनें और मोबाइल फोन शामिल हैं।
तीन जिलों में फैला था गिरोह का नेटवर्क
जांच में सामने आया कि यह गिरोह पन्ना जिले में 11, कटनी में 4 और सतना जिले में 4 मंदिर चोरियों को अंजाम दे चुका था। आरोपी खासतौर पर सुनसान मंदिरों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य जेल से छूटते ही दोबारा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो जाते थे।
संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता
जनता के आक्रोश और धार्मिक आस्था से जुड़े इस गंभीर अपराध को चुनौती के रूप में लेते हुए देवेंद्रनगर एवं सलेहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह को दबोच लिया।
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप
पन्ना पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से न सिर्फ मंदिर चोरियों पर अंकुश लगा है, बल्कि अंतरजिला अपराधियों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं और गिरोह से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच जारी है।
Comments (0)