रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में करीब 2 करोड़ रुपये के आईफोन और अन्य एप्पल प्रोडक्ट चोरी के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं।
31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरमियानी रात हुई थी चोरी
जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरमियानी रात चोरों ने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान चोर करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के 173 आईफोन और अन्य एप्पल प्रोडक्ट लेकर फरार हो गए थे।
गिरोह का सरगना मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के सरगना राजेश अजय सिंह झाला को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्यप्रदेश के देवास का रहने वाला है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
विदेश भागने से पहले एयरपोर्ट के पास पकड़ा गया आरोपी
चोरी किए गए आईफोन को खपाने में मदद करने वाले आरोपी सफान खान को पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी विदेश भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे देश छोड़ने से पहले ही पकड़ लिया।
1.50 करोड़ के 125 आईफोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले से करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए हैं। चोरी हुए बाकी सामान और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
चार राज्यों में 25 दिनों तक चली जांच
इस पूरे मामले के खुलासे के लिए रायपुर पुलिस की 40 सदस्यीय टीम गठित की गई थी। टीम ने करीब 25 दिनों तक महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में लगातार जांच और दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।