पन्ना जिले के शाहनगर स्थित धान खरीदी केंद्र पर पिछले 13 दिनों से तुलाई बंद रहने से किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बारदाने की कमी और ऑनलाइन स्लॉट की समय-सीमा समाप्त होने से परेशान किसानों ने शनिवार को पहले एसडीएम को ज्ञापन सौंपा, फिर पन्ना–कटनी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध दर्ज कराया।
शाहनगर में धान खरीदी ठप, किसानों का फूटा गुस्सा: पन्ना–कटनी मार्ग पर चक्काजाम
पन्ना जिले के शाहनगर धान खरीदी केंद्र पर लंबे समय से धान की तुलाई न होने के कारण किसानों का गुस्सा शनिवार को सड़कों पर फूट पड़ा। किसानों का आरोप है कि वे 14, 15 और 16 जनवरी को अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंचे थे, लेकिन आज तक उनकी धान तुलाई नहीं हो सकी है। केंद्र प्रभारी द्वारा बारदाना उपलब्ध न होने का हवाला देकर खरीदी रोक दी गई, जिससे कई किसानों के ऑनलाइन स्लॉट की वैधता समाप्त हो गई। अब पोर्टल पर उनकी एंट्री नहीं हो पा रही है, जिससे किसान भारी नुकसान की आशंका जता रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि नियमों की अनदेखी करते हुए बाद की तारीखों वाले किसानों की धान खरीदी कर ली गई, जबकि पहले से कतार में खड़े किसानों को नजरअंदाज किया गया। इससे किसानों में गहरा रोष व्याप्त है।
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
किसानों ने एसडीएम शाहनगर राम निवास चौधरी को ज्ञापन सौंपकर पोर्टल दोबारा चालू कराने और विशेष अनुमति देकर धान खरीदी शुरू करने की मांग की। प्रशासन से संतोषजनक जवाब न मिलने पर किसानों ने पन्ना–कटनी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
15 मिनट तक बाधित रहा यातायात
चक्काजाम की सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 15 मिनट तक मार्ग पूरी तरह बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जल्द समस्या के समाधान और खरीदी शुरू कराने के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम खोल दिया। किसानों का कहना है कि उनकी धान खुले आसमान के नीचे पड़ी है और यदि पोर्टल दोबारा नहीं खोला गया तो उनकी पूरी मेहनत बर्बाद हो जाएगी।
Comments (0)